भास्कर न्यूज | अमृतसर छेहर्टा भल्ला कॉॅलोनी गुरु नानक नगर ए ब्लाक की गली में एक महिला ने अपने घर के बाहर लगी बिजली की तार तोड़कर गली में फैंक दी। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इलाके के लोगों ने इसकी लिखित शिकायत पावरकॉम को दे दी है। गुरु नानक नगर ए ब्लाक इलाकावासी परमजीत कौर, सबिया, कुलजिंदर कौर, रणजीत कौर ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने अपने घर के बाहर लगी बिजली तार उतार कर जमीन पर फैंक दी है। गली में से गुजरने वाले दोपहिया और चौपहिया वाहन इन बिजली की तार से निरंतर टकरा रहे हैं। वहीं छोटे बच्चे गली में खेलते है जिससे इस बिजली की तार से उन्हें कभी भी करंट लग सकता है। लोगों ने कहा कि गली में बिजली की तारें हरेक घर के बाहर से गुजरती है। पड़ोसियों ने घर के पास से गुजरती बिजली की तार काट दी है। इस तार से उक्त पड़ोसी सहित चार घरों में बिजली सप्लाई होती है। उन्होंने कहा कि इन तारों में बिजली का करंट 24 घंटे रहता है। हालांकि इसकी लिखित शिकायत लोगों ने पावरकॉम अधिकारियों को दी है। परंतु चार दिनों के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। छेहर्टा के एसडीओ इंजी. प्रवीण हांडा का कहना है कि फिलहाल इलाके के जेई को भेजकर बिजली तार घर के बाहर लगाएंगे। फिर भी परिवार के सदस्य नहीं मानते तो सरकारी काम में विघ्न डालने पर पुलिस को शिकायत देंगे।


