इलाकावासी बोले- छत्तों के ऊपर से गुजरती हाई वोल्टेज तारों के कारण नहीं करवा पा रहे कोई भी निर्माण कार्य

अमनदीप सिंह | अमृतसर शहर के कई इलाकों में घरों और गलियों के ठीक ऊपर से गुजरने वाली हाई वोल्टेज तारें स्थानीय निवासियों के लिए लगातार खतरा बनी हुई हैं। लोगों का कहना है कि ये तारें अक्सर अपने तेज चुंबकीय खिंचाव के कारण दुर्घटनाओं का कारण बनती रही हैं, मगर इसके बावजूद इन्हें हटाया नहीं जा रहा है। माल मंडी में स्थित कई घरों के ऊपर से हाई वोल्टेज लाइन गुजरती है, जिससे लोग रोजमर्रा के काम जैसे गीले कपड़े सुखाने तक में असहज महसूस करते हैं। यासीन रोड पर भी इसी तरह की समस्या है, जहां लोग हर वक्त किसी अप्रिय घटना के डर में रहते हैं। मकबूलपुरा की स्थिति इससे भी अधिक गंभीर है। यहां पिछले 40 वर्षों से हाई वोल्टेज तारें घरों की छतों को छूती हुई गुजर रही हैं। लोगों का कहना है कि चुनावों में नेताओं के आने पर यह मुद्दा उठाया जाता है, पर हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता है, लेकिन समाधान नहीं होता। सिटी सर्कल इंजीनियर जीएस खैहरा ने कहा कि पटियाला मैनेजमेंट ने तारों को हटाने के लिए एस्टीमेट मांगा था, जो भेज दिया गया है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। ताकि हाई वोल्टेज तारों के कारण लोगों को कोई समस्या न आए। आशा रानी निवासी यासीन रोड ने बताया कि तारें घरों के ऊपर से गुजरती है। हाई वोल्टेज तारों ने सामान्य जीवन तक मुश्किल कर दिया है। हर बारिश में डर दोगुना हो जाता है। काफी समय पहले इसकी चपेट में एक व्यक्ति आया था। नेताओं से लेकर अधिकारियों तक सबको कहा, लेकिन कुछ ठोस कदम अभी तक नहीं उठाए गए हैं। कुलदीप सिंह निवासी मकबूलपुरा ने बताया कि मकबूलपुरा में तो 40 साल से हालात बेहद खराब हैं। तारें घरों की छतों को छूती हैं, जिससे हर वक्त खतरा बना रहता है। पावरकॉम ने सप्लाई बंद कर दी, पर तारें आज भी जस की तस लटकी हैं। वह रोज इस डर में रहते हैं कि कभी भी कोई हादसा हो सकता है। मनप्रीत सिंह मन्नू निवासी सौ फुटी रोड ने बताया कि इलाके में हाई वोल्टेज तारें छत्तों के ऊपर से गुजरती हैं। वह लोग रोज डर के साए में जीते हैं। छत पर कोई भी काम नहीं कर पा रहे, जैसे कोई भी मरम्मत और निर्माण भी नहीं किया जा रहा। बार-बार कहने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *