ईंट भट्टे पर खड़ा ट्रैक्टर चोरी:टाउन, जंक्शन और भादरा क्षेत्र से तीन बाइक चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

टाउन थाना क्षेत्र में ईंट भट्टे पर खड़ा ट्रैक्टर चोरी हो गया। ड्राइवर चार-पांच दिन पहले ट्रैक्टर खड़ा कर कहीं चला गया था। उसने वापस आकर संभाला तो ट्रैक्टर नहीं मिला। इस संबंध में टाउन पुलिस थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया है। हेड कॉन्स्टेबल मनीष बिश्नोई ने बताया कि कर्मजीत सिंह (35) पुत्र रेशम सिंह जटसिख निवासी वार्ड 7, गांव गाहडू ने रिपोर्ट पेश की कि उसने ट्रैक्टर पवन ईंट भट्टा पर लगाया हुआ था। इसी बीच ड्राइवर सलीम खान चार-पांच दिन किसी काम से बाहर चला गया। ड्राइवर सलीम खान ने चार-पांच दिन बाद ईंट भट्ठा पर जाकर ट्रैक्टर संभाला तो वहां से ट्रैक्टर गायब था। कोई अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर चुरा कर ले गया। उसने इधर-उधर काफी तलाश की परंतु अज्ञात व्यक्ति का अभी तक कोई पता नहीं चला। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश हेड कॉन्स्टेबल मनीष बिश्नोई के सुपुर्द की है। टाउन व भादरा क्षेत्र से दो बाइक चोरी
हनुमानगढ़ टाउन व भादरा थाना क्षेत्र से दो बाइक चोरी हो गई। इस संबंध में संबंधित पुलिस थानों में मुकदमे दर्ज हुए हैं। टाउन थाना पुलिस के अनुसार श्याम सुन्दर (52) पुत्र दामोदर प्रसाद ब्राह्मण निवासी ज्ञानसिंह कॉलोनी, टाउन ने रिपोर्ट के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया कि कोई अज्ञात व्यक्ति टाउन क्षेत्र से उसकी बाइक चोरी कर ले गया। जांच हेड कॉन्स्टेबल रामप्रसाद को सौंपी गई है। वहीं, भादरा पुलिस थाना में रफीक (37) पुत्र श्योकत खां कायमखानी निवासी वार्ड 15, भादरा ने मुकदमा दर्ज करवाया कि सुल्तान पुत्र रड़मल सिंह राजपूत निवासी गांव नहराना तहसील नोहर उसकी बाइक चोरी कर ले गया। पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई चेतराम को सौंपी है। बाइक चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद
जंक्शन में जिला कलेक्ट्रेट के नजदीक स्थित अग्रसेन भवन के बाहर खड़ी बाइक दिनदहाड़े अज्ञात शख्स चोरी कर ले गया। बाइक चोरी की यह वारदात अग्रसेन भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे संदिग्ध की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है। हेड कॉन्स्टेबल प्रदुमन यादव के अनुसार जसप्रीत सिंह (32) पुत्र बलविन्द्र सिंह जटसिख निवासी रामसिंह कॉलोनी, टाउन ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि उसके पिता बलविन्द्र सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह के नाम से बाइक है। वह चार जनवरी को उक्त बाइक लेकर जंक्शन स्थित अग्रसेन भवन में गया था। सुबह करीब 11 बजे अपनी बाइक बाहर खड़ी कर अग्रसेन भवन के अन्दर चला गया। दोपहर बाद अपराह्न करीब 3 बजे उसने बाइक सम्भाली तो वहां पर नहीं मिली। कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी बाइक चोरी कर ले गया। उसने अग्रसेन भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चैक की तो उसमें एक अज्ञात व्यक्ति उसकी बाइक चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बाइक चोरी के आरोप में अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की तफ्तीश हेड कॉन्स्टेबल प्रदुमन यादव कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *