ईडी को मैनेज करने के नाम पर 6 करोड़ रुपए लेन-देन का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। झारखंड हाईकोर्ट में ईडी को मैनेज करने के नाम पर छह करोड़ रुपए के लेन-देन मामले में दर्ज प्राथमिकी की सीबीआई से जांच की मांग वाली ईडी की याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान राज्य सरकार की आेर से हस्तक्षेप याचिका दाखिल करके अदालत को बताया गया कि रांची में दर्ज प्राथमिकी की पुलिस जांच पर रोक के हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पिटीशन (एसएलपी) दाखिल किया है। इस पर सुनवाई लंबित है। इसलिए मामले की सुनवाई 6 सप्ताह के बाद की जाए। राज्य सरकार का पक्ष सुनने के बाद अदालत ने मामले की पुलिस जांच पर पूर्व की रोक को बरकरार रखने के साथ सीसीटीवी फुटेज को भी सुरक्षित रखने का आदेश 11 फरवरी 2025 तक बरकरार रखा है। अदालत ने इस मामले में राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए अगली सुनवार्ई 11 फरवरी को निर्धारित की है।


