बारां | रसद विभाग की ओर से घरेलू गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग व दुरुपयोग को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीम ने समसपुर गांव में दो अलग-अलग ई-मित्र केंद्रों पर छापेमार कार्रवाई की। दोनों जगह ई-मित्रों की आड़ में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग की जा रही थी। जहां से टीम ने कुल 21 सिलेंडर तथा अवैध रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण जब्त करने की कार्रवाई की है। जिला रसद अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि रसद विभाग की ओर से प्रदेश स्तर से प्राप्त आदेशों के अनुसार जिले में घरेलू सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग व दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। विभाग के प्रर्वतन निरीक्षक संतोष कुमार मीणा, रविंद्र मीणा, नीरज कुमार मीणा ने समसपुर में संचालित दो अलग-अलग ई-मित्र केंद्रों पर निरीक्षण किया। इस दौरान एक ई-मित्र केंद्र से टीम ने कार्रवाई कर एक छोटी रिफिलिंग मोटर व 10 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं। वहीं दूसरे ई-मित्र केंद्र पर टीम पहुंची तो एक व्यक्ति दुकान पर रखी सिलेंडर रिफिलिंग में प्रयुक्त बड़ी मोटर लेकर भाग गया। ऐसे में टीम ने मौके पर मिले एक छोटी मोटर तथा 11 एलपीजी सिलेंडर तथा अन्य उपकरण आदि जब्त किए गए है। साथ ही इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी है। इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जब्त सिलेंडर समीपवर्ती गैस एजेंसी के सुपुर्द किए हैं।


