जीप स्टैंड के पास बस टिकट रिफंड को लेकर ई-मित्र संचालक और एक शिक्षक के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान ई-मित्र संचालक ने शिक्षक पर डंडे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही बालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को राजकीय अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ई-मित्र संचालक को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित शिक्षक आशुतोष ने बताया कि उन्होंने 4 दिसंबर को अरविंद जांगिड़ अरविंद टूर एंड ट्रैवल्स के माध्यम से बालाजी से दिल्ली बस यात्रा का ऑनलाइन टिकट बुक कराया था। टिकट कैंसिल होने के बाद जब उन्होंने रिफंड मांगा तो संचालक ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला कर दिया। आशुतोष ने बताया कि वे पिछले आठ वर्षों से निजी विद्यालय में पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। थाना प्रभारी गौरव प्रधान ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा। फिलहाल ई-मित्र संचालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


