उज्जैन में स्कूल से दशहरा मैदान में गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के लिए जा रहे एक्टिवा सवार दो छात्रों को एक कार ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में कक्षा 9वीं के एक छात्र की मौत हो गई थी। घटना के दो दिन बाद अब एक्सीडेंट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें छात्र कार से टकराने के बाद डिवाइडर से टकराते हुए नजर आ रहा है। यह घटना शनिवार सुबह की है। जफर (16 साल) अपने घर से एक्टिवा पर दोस्त विश्वजीत के साथ स्काउट गाइड की रिहर्सल के लिए निकला था। दोनों चारधाम मंदिर के पास स्थित महाराजा वाड़ा क्रमांक-2 स्कूल से दशहरा मैदान जा रहे थे। जब वे हरसिद्धि मंदिर से आगे नरसिंह घाट क्षेत्र पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र उछलकर डिवाइडर से जा टकराए। हादसे में जफर के सीने और सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र विश्वजीत घायल हो गया। सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने मारी टक्कर घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें सफेद रंग की स्विफ्ट कार एक्टिवा को टक्कर मारने के बाद रुक जाती है। लेकिन एक्टिवा गिरने के बाद जफर डिवाइडर से जा टकराता है और उसके बाद उठ नहीं पाता। इस दौरान आसपास के रहवासी मौके पर पहुंचकर मदद करते हैं, लेकिन तब तक जफर की मौत हो चुकी होती है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों छात्रों को अस्पताल पहुंचाया गया।


