भरतपुर के मथुरा गेट थाना इलाके स्थित मामा फ्रैंकी रेस्टोरेंट मालिक के साथ मारपीट और डकैती करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है। 8 दिसंबर को आरोपी ने अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट मालिक के साथ मारपीट की थी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इससे पहले पुलिस ने 4 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। 25 हजार का इनामी था आरोपी मथुरा गेट थाना अधिकारी देरावर सिंह भाटी ने बताया कि 8 दिसंबर को मामा फ्रेंकी रेस्टोरेंट के मालिक के साथ मारपीट और डकैती की थी। उसमें 4 आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे। कल मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी अजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है। आज कोर्ट में आरोपी को पेश कर रिमांड ली जाएगी। आरोपी को पुरावई के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अजीत पर 25 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। यह अनुसंधान का विषय है कि आरोपियों ने रेस्टोरेंट से कितने की डकैती की थी। 8 दिसंबर को की थी डकैती 8 दिसंबर को अजीत अपने साथियों के साथ मामा फ्रैंकी रेस्टोरेंट पर आया। वह रेस्टोरेंट के अंदर शराब पी रहा था। रेस्टोरेंट के मालिक शैलेश नारंग ने जब अजीत और उसके साथियों को रोका तो, उसने शैलेश नारंग को रेस्टोरेंट से बाहर निकाला और लाठियों से हमला कर दिया। जिसके बाद बदमाश शैलेश नारंग को रेस्टोरेंट के बाहर पड़ा छोड़कर फरार हो गए थे।


