उज्जैन जिले के माकड़ोन थाना क्षेत्र में पुलिस ने लहसुन की फसल की आड़ में की जा रही अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक किसान के खेत से 1300 अफीम के पौधे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक रंजन के पर्यवेक्षण और एसडीओपी तराना भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में जिलेभर में मादक पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। 5 फरवरी 2026 को माकड़ोन थाना प्रभारी उनि प्रदीप सिंह राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नांदेड निवासी रघुनाथ उर्फ रुगनाथ देवड़ा अपने खेत में लहसुन की फसल के बीच अफीम के पौधे उगा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ नांदेड-देवली रोड स्थित खेत पर पहुंची। तलाशी के दौरान लहसुन की कतारों के बीच छोटे-छोटे हरे पौधे मिले, जिनकी जांच में अफीम के पौधे होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मौके से 26 गठ्ठरों में कुल 1300 अफीम के पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन लगभग 6 किलो 100 ग्राम और अनुमानित बाजार कीमत 60 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी रघुनाथ उर्फ रुगनाथ देवड़ा (50) निवासी ग्राम नांदेड को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अवैध अफीम की कीमत 60 हजार तराना SDOP भविष्य भास्कर ने बताया कि 5 फरवरी को थाना माकड़ोन को सूचना मिली कि ग्राम नांदेड–देवली रोड, खसरा क्रमांक 1458 के खेत में किसी व्यक्ति ने लहसुन की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम के पौधे लगाए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि उक्त खेत में लगभग 1300 अफीम के पौधे बिना अनुमति उगाए गए थे। इन पौधों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60,000 रुपए बताई गई है। आरोपी रघुनाथ, पिता आत्माराम, ग्राम नांदेड का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।


