ब्यावर में छावनी रोड स्थित पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव, प्रतिभा सम्मान और बाल वाटिका कक्ष का लोकार्पण समारोह हुआ। इस दौरान भामाशाह सम्मान और विद्यार्थी परिषद समारोह भी संपन्न हुआ।
ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे, जबकि स्कूल की प्रधानाचार्य विमला चौहान ने अध्यक्षता की। समारोह में भाजपा दल के मुख्य सचेतक मंगत सिंह (मोनू), वार्ड संख्या 09 के निर्वतमान वार्ड पार्षद और नगर परिषद ब्यावर के निर्वतमान सभापति नरेश कनोजिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों को वर्ष भर की शैक्षिक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक शंकर सिंह रावत और प्रधानाचार्य विमला चौहान ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम करने, अनुशासन बनाए रखने और सफलता की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिक्षाविद् प्रधानाचार्य मीरा वर्मा, गुरूशरण गोयल, पूजा वासवानी, राजेन्द्र प्रजापत, उप प्रधानाचार्य नारायण सिंह पंवार, कुन्दनमल वर्मा, विजेन्द्र सिंह, संतोष चौहान सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्राएं उपस्थित थीं।


