चूरू की भूमिका ने पीएम से की परीक्षा पे चर्चा:पूछा- बड़े सपनों को पूरा करने के लिए क्या करें

चूरू जिले के खंडवा गांव स्थित पीएमश्री राउमावि की 12वीं की छात्रा भूमिका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में भाग लिया। राजस्थान से इस कार्यक्रम के लिए केवल भूमिका का ही चयन हुआ था। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण शुक्रवार को किया गया, जिसे जिले के सभी स्कूलों में दिखाया गया। इसकी रिकॉर्डिंग 22 जनवरी को प्रधानमंत्री आवास पर हुई थी। कार्यक्रम के लिए देश भर से कुल 37 छात्रों का चयन किया गया था। इनमें से प्रधानमंत्री मोदी ने 18 विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया, जिसमें छह छात्रों से कविताएँ सुनी गईं और 12 विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने की अनुमति मिली। चूरू की भूमिका भी उन छात्रों में शामिल थीं, जिन्हें प्रश्न पूछने का अवसर मिला। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रा भूमिका को असम का गमछा भी भेंट किया। पीएम ने दी बड़े लोगों की जीवनियां पढ़ने की सलाह छात्रा भूमिका ने प्रधानमंत्री मोदी से पूछा कि बड़े सपनों को पूरा करने के लिए हमें रोजाना कौन सा छोटा काम करना चाहिए या कौन सी आदत अपनानी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने सहजता से जवाब दिया कि हमें बड़े लोगों की जीवनियां पढ़नी चाहिए। इससे यह पता चलेगा कि वे भी कभी छोटे थे या हम जैसे ही थे, जिससे आत्मविश्वास बढ़ेगा। दूसरा कदम उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए। स्कूल के प्रिंसिपल सांवताराम ने बताया कि छात्रा भूमिका को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चार चरणों से गुजरना पड़ा। इसका पूरा श्रेय स्कूल के व्याख्याता राजेंद्र कुमार सुंडा को जाता है, जिन्होंने छात्रा को इस स्तर तक पहुंचने में मदद की। सीडीईओ डॉ. संतोष महर्षि ने विभाग के सभी अधिकारियों के साथ इस ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *