उज्जैन में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तहत चार खेलों का आयोजन किया जा रहा है। राजमाता सिंधिया खेलो स्टेडियम परिसर में कुश्ती प्रतियोगिता से इसकी शुरुआत हुई है। लोटी मैदान में मलखंब प्रतियोगिता चल रही है, जबकि आगामी दिनों में योगासन और रस्साकशी का आयोजन किया जाएगा। दरअसल, भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में मंगलवार को खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025-26 का राज्य स्तरीय शुभारंभ हुआ था। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का उद्घाटन कर खिलाड़ियों को शपथ दिलाई और विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों को सम्मानित किया था। मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर से चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है। आयोजन में 1300 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों के आवास, भोजन और परिवहन की समस्त व्यवस्थाएं शासन द्वारा की गई हैं। अनुष्का बौरासी और गौरव ने जीता स्वर्ण
उज्जैन में हुई कुश्ती प्रतियोगिता के प्रारंभिक परिणाम भी सामने आए हैं। अनुष्का बौरासी और गौरव यादव (जबलपुर) ने स्वर्ण पदक जीता। कात्यायनी देवी (रीवा) और गौतम पटौना (उज्जैन) ने रजत पदक हासिल किया। भूमिका (उज्जैन), फरहान खान (छिंदवाड़ा) और पृथ्वी जोशी (इंदौर) को कांस्य पदक मिला। जिला खेल अधिकारी ओपी हरोड़ ने बताया कि खेलो एमपी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण, शहरी और आदिवासी अंचलों से खिलाड़ियों को जोड़ना है। इस संस्करण में एक लाख से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। चयनित खिलाड़ी 28 खेलों में राज्य स्तरीय मुकाबलों में भाग ले रहे हैं। पारंपरिक और आधुनिक खेलों को बढ़ाना लक्ष्य
उज्जैन नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई खेलो इंडिया पहल से प्रेरणा लेकर प्रदेश स्तर पर खेलो एमपी की शुरुआत की गई है। इसका लक्ष्य कुश्ती सहित अन्य पारंपरिक और आधुनिक खेलों को बढ़ावा देना है। इससे पहले वर्ष 2023 में खेलो इंडिया का आयोजन हुआ था, जिसमें देश के 27 राज्यों के खिलाड़ी शामिल हुए थे। उसी तर्ज पर खेलो एमपी को भी प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ा मंच बनाया जा रहा है।


