उज्जैन में सोमवार को एक मकान में आग लग गई। सूचना पर पहुंची 4 दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना शास्त्री नगर के पास आदित्य नगर की है। यहां शाम को जिला पंचायत में कार्यरत अजय मौर्य के घर आग लग गई। आग लगने का कारण घर के पीछे वाले कमरे में लगा दीपक बताया जा रहा है। अजय मौर्य ने बताया कि शाम को शादी में जाने से पहले घर में दीपक लगाकर घर से निकले थे। कुछ देर बाद ही पड़ोसियों ने फोन पर सूचना दी थी। इसके बाद दमकल को बुलाया गया। जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंची आग ने पूरे कमरे को घेर लिया। जान माल का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। उद्योगपुरी की रुई फैक्ट्री में भी लगी आग इधर, सोमवार शाम को ही उज्जैन के मक्सी रोड उद्योगपुरी में हिंदुस्तान ट्रेडर्स नामक रुई की फैक्ट्री में भी भीषण आग लग गई। आग को काबू करने के लिए दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। रुई फैक्ट्री मोहम्मद शोएब मलिक की बताई जा रही है। आग से चार लाख रुपए के नुकसान की बात भी सामने आई है।


