खरगोन के गुलशननगर में सोमवार को संजयनगर निवासी 18 वर्षीय मोहम्मद साद की करंट लगने से मौत हो गई। वह पिछले तीन वर्षों से एक फुटवेयर शॉप में काम कर रहा था। घटना दोपहर के समय हुई, जब दुकान मालिक ने साद को बिजली का तार जोड़ने का काम सौंपा। परिजनों के अनुसार, साद को इलेक्ट्रिकल कार्य का कोई अनुभव नहीं था, फिर भी उससे यह खतरनाक काम करवाया गया। काम के दौरान उसे तेज करंट लगा। परिजनों ने दुकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
घायल साद को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने दुकान मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि बच्चे से लापरवाही पूर्वक इलेक्ट्रिक काम कराया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने शिकायत पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।


