उड़ान सुविधा:पहले दिन बिलासपुर में एक भी यात्री नहीं मिला तो प्रशासन ने एक महिला को भेजा

सुबह 11.35 बजे बिलासपुर एयरपोर्ट पहुंचने वाली अंबिकापुर फ्लाइट सवा दो घंटे लेट से दोपहर 2.45 बजे पहुंची। इसमें अंबिकापुर से 18 पैसेंजर आए और एयरपोर्ट से ही इसी फ्लाइट से लौट गए। वहीं, पहले दिन बिलासपुर से अंबिकापुर के लिए एक भी पैसेंजर नहीं मिला। जिला प्रशासन ने एक महिला को अपने खर्च पर बिलासपुर से अंबिकापुर भेजा। चूंकि महिला की टिकट बुक नहीं थी, इस कारण फ्लाई बिग के हेड ऑफिस से अनुमति ली गई। इसमें एक घंटे का समय लगा। इस कारण फ्लाइट यहां से एक घंटे लेट दोपहर 3.45 बजे अंबिकापुर के लिए टेक ऑफ हुई। अंबिकापुर फ्लाइट के दोपहर 2.45 बजे चकरभाठा एयरपोर्ट पहुंचने पर पारंपरिक तरीके यानी वाटर कैनन से स्वागत किया गया। इसके अलावा एयरपोर्ट पर अंबिकापुर उड़ान शुरू होने के पहले दिन फीका स्वागत हुआ। एयरपोर्ट में खुले में मंच लगाया गया था, जहां 30 से 40 कुर्सियां लगाई गई थी। विधानसभा का ​शीतकालीन सत्र चलने के कारण कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाने के दौरान कोई भी मंत्री-विधायक मौजूद नहीं था। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान और भाजपा के जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने ही हरी झंडी दिखाकर फ्लाइट को रवाना किया। गुरुवार से अंबिकापुर उड़ान की शुरुआत होने के लिए पहले 11.35 बजे फ्लाइट की लैंडिंग होनी थी। लेकिन रात को खबर आई कि फ्लाइट दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर आएगी। इस समय पर भी फ्लाइट बिलासपुर नहीं पहुंची। पता चला कि अंबिकापुर एयरपोर्ट में विजिबिलिटी कम होने से देरी हो रही है। आखिरकार दोपहर 2.45 बजे बिलासपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट ने लैंड किया। इसमें 18 पैसेंजर थे। जिसमें 5 अंबिकापुर एयरपोर्ट के स्टाफ थे। बाकी सभी यात्री सिर्फ घूमने के नाम से आए थे। यात्रियों ने कहा- सिर्फ 40 मिनट का सफर, यादगार रहा अनुभव अंबिकापुर से आई महिला यात्री जसलीन कौर ने कहा कि पहली उड़ान में आना यादगार अनुभव रहा है। सिर्फ 40 मिनट का सफर रहा। इतने कम समय में दो शहरों में आने- जाने की सुविधा मिल रही है। इधर फ्लाई बिग ने सीटों की बुकिंग गुरुवार से शुरू कर दी है पर कंपनी की वेबसाइट में 20 दिसंबर के बाद की सीटों की बुकिंग नहीं नजर आ रही है। मामले में एयरपोर्ट के डायरेक्टर बीरेन सिंह ने कहा कि कंपनी का कुछ इश्यू है, ठीक हो जाएगा। रायपुर की बजाय रीवा से फ्लाइट चलाने की चल रही कोशिश दरअसल फ्लाई बिग की फ्लाइट पहले रायपुर से अंबिकापुर जाती है, इसके बाद अंबिकापुर से बिलासपुर जाती है। रायपुर में यह फ्लाइट रीवा एयरपोर्ट से आती है। इस तरह गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को तीन दिन फ्लाइट के बाद बचे चार दिन फ्लाइट नहीं है। अभी बिलासपुर से अंबिकापुर होते हुए रायपुर जाने में सवा दो घंटे लग जाएंगे। इससे जल्दी सड़क मार्ग और ट्रेन से यात्री रायपुर पहुंच जाएंगे। डीजीसीए के अप्रूवल के बाद उड़ान के दिनों में बदलाव हवाई सुविधा संघर्ष समिति में लगातार तीन दिनों की उड़ान के संबंध में फ्लाई बिग एयरलाइंस के अध्यक्ष संजय मांडविया से चर्चा की थी। उन्होंने सहमति देकर भविष्य में सोमवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान संचालित करने का भरोसा दिया है। उनके अनुसार डीजीसीए का अप्रूवल मिलने पर उड़ान के दिनों में बदलाव किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *