उत्तरी हवा ने बढ़ाई गलन, 4 दिन में रात का पारा 6 डिग्री लुढ़का, कल से सर्दी से राहत की संभावना

भास्कर न्यूज| बारां जिले में पिछले दिनों से लगातार तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का असर बढ़ रहा है। इसके कारण पिछले 4 दिनों के दौरान रात के तापमान में 6 डिग्री की गिरावट आ गई है। गुरुवार को भी बारां में रात का पारा हाडौती में सबसे कम दर्ज किया गया। ऐसे में वातावरण में भी गलन का असर बढ़ गया है। जिले में हिमालयी क्षेत्रों से आ रही सर्द हवा के कारण गुरुवार को दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट हुई। इसके कारण रात का पारा 5 डिग्री के करीब पहुंच गया। वहीं दिन का पारा भी गिरकर 22 डिग्री के करीब पहुंच गया है। अब शुक्रवार को भी जिले में सर्दी का असर जारी रहने के आसार है। शहर में तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का असर भी बढ़ गया। दिन में धूप निकलने के बाद भी सर्द हवा का असर जारी है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में सर्दी का असर बढ़ने के कारण फसलों को भी फायदा मिलेगा। कृषि विज्ञान केंद्र अंता के वैज्ञानिक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि तापमान में गिरावट व वातावरण में गलन का असर बढ़ने से सभी रबी फसलों को फायदा मिलेगा। साथ ही गेहंू, सरसों, लहुसन समेत आदि फसलों की बढ़वार अच्छी होगी और उत्पादन भी बढ़ेगा। अगर तापमान में बढ़ोतरी और गर्मी का असर बढ़ता है तो फसलों की बढ़वार पर हल्का प्रभाव पड़ेगा। वर्तमान का मौसम सभी फसलों के लिए अनुकुल है। पारे में बढ़ोतरी के आसार जिले में अब शनिवार से वापस तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। वर्तमान में हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। वहां से उत्तरी हवा सीधे मैदानी क्षेत्रों में पहुंच रही है। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उत्तरी हवा का असर शुक्रवार को भी रहने के आसार है। इसके बाद शनिवार से हवा का रुख बदलने की संभावना है। इसके चलते शनिवार से वापस तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके कारण शनिवार से वापस तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। जिससे सर्दी कम होनी शुरू होगी। साथ ही 12-13 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *