बारां| धौलपुर में परिवहन विभाग के निरीक्षक के साथ हुई मारपीट और पुलिस अधीक्षक द्वारा थाने में बैठाने के विरोध में प्रदेश के परिवहन निरीक्षक शुक्रवार को भी हड़ताल पर रहे। इसके चलते परिवहन विभाग की ओर से चेकिंग कार्य ठप है। साथ ही व्हीकल ट्रांसफर समेत अन्य कामकाज भी प्रभावित हो रहे है। बारां डीटीओ कार्यालय में निरीक्षकों के हड़ताल पर जाने की वजह से लाइसेंस के लिए ट्रायल नहीं हो पा रहे है। हाईवे पर वाहनों की जांच भी नहीं हो पा रही है। शुक्रवार को भी प्रदेशभर में 378 परिवहन निरीक्षकों ने काम नहीं किया। वाहनों के चालान बंद होने से प्रदेश में हर रोज 20 करोड़ रुपए के रेवेन्यू नुकसान हो रहा है। मामला और लंबा खिंचने की आशंका बनने लगी है। बता दें कि गत शनिवार को धौलपुर में एसपी सुमित मेहरड़ा द्वारा दो परिवहन निरीक्षकों को थाने में 5 घंटे बैठाकर पूछताछ करने और जयपुर-अजमेर हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों ने परिवहन निरीक्षक विजेंद्र जांगिड़ पर हमला कर दिया। इसमें जिम्मेदारों पर कार्रवाई और एसपी को एपीओ करने की मांग है। इसी को लेकर सोमवार रात 12 बजे से परिवहन निरीक्षक हड़ताल पर है।


