उत्तर छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ी ठंड, न्यूनतम तापमान 5 डिग्री:वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से प्रवेश कर रही शीतलहर, दो दिनों बाद बढ़ेगा तापमान

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर के प्रवेश करने के कारण फिर से ठंड की वापसी हो गई है। अंबिकापुर में पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से अधिक पहुंच गया था। वहीं इलाकों में भी ठिठुरन कम हुई थी। शीतलहर के फिर से प्रवेश करने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार को पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिर गया है। गुरुवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके पहले बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री और मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान भी बढ़कर 27 से 28 डिग्री तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान में भी कुछ गिरावट आई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया है। दो दिनों तक ठंडा रहेगा उत्तर छत्तीसगढ़ सरगुजा संभाग के पाठ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में खासी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिर गया है। पाट क्षेत्रों में अब भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर के असर से आगामी दो दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में रातें सर्द रहेंगी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कम होने के बाद फिर से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बादलों की आवाजाही से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी हुई थी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण फिर से सर्द हवाएं प्रवेश कर रही हैं। हालांकि इसका असर दो दिनों बाद कम हो जाएगा एवं न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या इससे ऊपर बने रहने का पूर्वानुमान है। इस साल लगातार 49 दिनों तक अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *