अमृतसर| अमृतसर के रणजीत एवेन्यू (बी-ब्लॉक) में उत्तर भारत के पहले डायबिटिक फुट केयर सेंटर का भव्य उद्घाटन हुआ। प्रख्यात शल्य चिकित्सक डॉ. विकास कक्कड़ ने अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ इस अत्याधुनिक केंद्र की शुरुआत की, जो मधुमेह रोगियों में होने वाले फुट अल्सर और गैंग्रीन जैसी गंभीर समस्याओं के उपचार में मील का पत्थर साबित होगा। 20 वर्षों का अनुभव रखने वाले डॉ. कक्कड़ ने बताया कि भारत में करोड़ों मधुमेह रोगी हैं, जिनमें से 15-20% फुट अल्सर से पीड़ित होते हैं। समय पर इलाज न मिलने से कई बार पैर काटने की नौबत आ जाती है। इसी गंभीर समस्या को रोकने के लिए यह केंद्र ‘एवरी स्टेप मैटर्स-प्रिवेंट, प्रोटेक्ट एंड केयर’ के सिद्धांत पर काम करेगा। यहां प्लांटर प्रेशर मैपिंग, ओजोन थेरेपी, न्यूरोस्कैन और एडवांस ड्रेसिंग जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कोलोप्लास्ट एकेडमी के सहयोग से संचालित यह सेंटर 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं देगा। यहां रोजाना 50 से अधिक मरीजों के उपचार की क्षमता है। उद्घाटन समारोह में डॉ. आस्था कक्कड़, डॉ. भास्कर आजाद, नदीम मालिक और अन्य गणमान्य चिकित्सक उपस्थित रहे। यह केंद्र न केवल पंजाब, बल्कि हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली के मरीजों के लिए भी आशा की नई किरण लेकर आया है।


