शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए संचालित विभिन्न उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी 28 फरवरी तक आवेदन कर सकेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, झालावाड़ के उपनिदेशक रामनिवास यादव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन छात्रवृत्ति योजनाओं में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग (पूर्व में विशेष वर्ग), अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग, विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदाय, मिरासी एवं भिश्ती समुदाय तथा मुख्यमंत्री सर्वजन उच्च शिक्षा उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना शामिल हैं। इन योजनाओं का लाभ राज्य की राजकीय एवं निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के साथ-साथ राज्य के बाहर संचालित राष्ट्रीय स्तर की राजकीय शिक्षण संस्थाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रदान किया जा रहा है। यह लाभ कक्षा 11 एवं 12 के अलावा अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए है। विद्यार्थी एसजेई ऐप के माध्यम से एसएसओ पोर्टल अथवा वेब पोर्टल www.simsnew.rajasthan.gov.in/scholarship पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत शिक्षण संस्थाओं द्वारा पोर्टल पर पंजीयन व नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग, मान्यता एवं पाठ्यक्रमवार शुल्क संरचना (फीस स्ट्रक्चर) को अपडेट करने तथा विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि अब 28 फरवरी निर्धारित की गई है।


