उत्पाद विभाग की टीम ने 7.095 लीटर विदेशी शराब व 7.850 लीटर बियर और महुआ चुलाई शराब बरामद की

भास्कर न्यूज|गुमला अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर गुमला थाना अंतर्गत मुरकुण्डा ग्राम में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई स्थानीय थाना बल के सहयोग से की गई। अभियान का नेतृत्व अवर निरीक्षक प्रदीप करमाली ने किया, जिसमें उत्पाद चलित दस्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तलाशी अभियान के दौरान गांव के विभिन्न ठिकानों पर सघन जांच की गई। इस क्रम में अवैध रूप से संग्रहित व बिक्री के िलए रखी गई शराब की बरामदगी की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से लगभग 7.095 लीटर विदेशी शराब व 7.850 लीटर बियर व 7 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की। बरामदगी के उपरांत संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। नियमानुसार अभियुक्तों से सांकेतिक जुर्माना वसूलते हुए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर बंध पत्र भरवाया गया। जिसके बाद उन्हें छोड़ा गया। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर की गई है और इसका उद्देश्य अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाना है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब न केवल राजस्व को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि लोक स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की विभागीय तलाशी व कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उत्पाद विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध शराब के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री से जुड़ी किसी भी सूचना को प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *