उत्साह ऐसा कि उत्सव के 26 दिन पहले ही 40 सेवादार तैयारियों में जुटे, रास्ते सजाने के लिए बना रहे हैं झंडियां

श्रीगंगानगर| पुरानी आबादी स्थित सिद्धपीठ श्रीझांकीवाले बालाजी मंदिर के भजन मंडल का 51वां वार्षिकोत्सव 27 से 31 जनवरी तक श्रद्धा और भक्ति से मनाया जाएगा। पांच दिवसीय इस महोत्सव की शुरुआत 27 जनवरी को अग्रसेन चौक से निकाली जाने वाली धर्म ध्वजा यात्रा से होगी। यह यात्रा मीरा चौक, सुखाड़िया सर्किल से राधेश्याम कोठी रोड से होते हुए उदाराम चौक स्थित मंदिर परिसर पहुंचेगी। यात्रा के मंदिर में प्रवेश करते ही पांच दिवसीय अखंड श्रीराम नाम संकीर्तन का शुभारंभ होगा, जिसमें ‘सियाराम जय जय सियाराम, सियाराम जय राम जय जय राम…’ का निरंतर जाप किया जाएगा। उत्सव को लेकर मंदिर समिति व सेवादारों में विशेष उत्साह है। धर्म ध्वजा यात्रा के मार्ग को आकर्षक रूप देने के लिए पूरे रास्ते में झंडियां लगाई जाएंगी। इसके लिए करीब एक लाख से अधिक झंडियां तैयार की जा रही हैं। मुख्य सेवादार प्रेम अग्रवाल ने बताया कि ये झंडियां सालासर से मंगाई गई हैं, जिन्हें यहां प्रेस कर गोटा जड़ा जा रहा है और सिलाई की जा रही है। झंडियां तैयार करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। करीब 40 सदस्यों की एक टीम दिन-रात अलग-अलग शिफ्ट में जुटी हुई है ताकि समय पर सभी तैयारियां पूरी की जा सकें। सेवादारों का कहना है कि यह सेवा कार्य पूरी तरह श्रद्धा और समर्पण भाव से किया जा रहा है। पुजारी सुरेंद्र सिंगल ने बताया कि इस टीम में योगेश वधवा, कृष्ण व प्रिंस मदान, पवन राजपाल, रमन वर्मा, लविश वधवा, ललित वर्मा, नरेश किरोड़ीवाल, पुलकित सिंगल, क्रिश वधवा, मोहक तनेजा, हरदीप भाटीवाल, पीयूष व दक्ष अरोड़ा सहित 40 से अधिक सेवादार सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। सभी का लक्ष्य है कि धर्म ध्वजा यात्रा और वार्षिकोत्सव को यादगार बनाया जाए। मंदिर समिति के अनुसार वार्षिकोत्सव के दौरान इस उत्सव में शहर सहित आसपास के राज्यों से भी श्रद्धालु भाग लेंगे। पांचों दिन अटूट भंडारा भी होगा। आयोजन को लेकर पुरानी आबादी सहित आसपास के क्षेत्रों में भी भक्तिमय माहौल बनना शुरू हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *