उदयपुरवाटी बार संघ का उपखंड कार्यालय परिसर में पिछले तीन दिन से धरना और आमरण अनशन जारी है। शनिवार को उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी और पूर्व विधायक रणवीर सिंह गुढ़ा धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने वकीलों से आंदोलन स्थगित करने का आग्रह किया। पूर्व विधायक गुढ़ा ने आंदोलनकारी वकीलों को जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया। अभिभाषक संघ उदयपुरवाटी की मुख्य मांग गुढ़ागौड़जी तहसील क्षेत्र से संबंधित राजस्व मामलों को उपखंड न्यायालय झुंझुनूं से उपखंड न्यायालय उदयपुरवाटी में स्थानांतरित करवाना है। इसी मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से यह धरना व अनशन किया जा रहा है। वकीलों के अनुसार, जब नीमकाथाना को जिला बनाया गया था, तब उदयपुरवाटी उपखंड व तहसील को नीमकाथाना जिले में शामिल किया गया था। वहीं, उदयपुरवाटी उपखंड की गुढ़ागौड़जी तहसील को झुंझुनूं उपखंड में रखा गया था। नीमकाथाना जिला निरस्त होने के बाद उदयपुरवाटी उपखंड को वापस झुंझुनूं जिले में शामिल कर दिया गया, लेकिन गुढ़ागौड़जी तहसील के मामले उदयपुरवाटी उपखंड न्यायालय में स्थानांतरित नहीं किए गए। संघ अध्यक्ष एडवोकेट श्रवण सैनी और एडवोकेट हनुमान सिंह तीसरे दिन भी भूख हड़ताल पर रहे। धरने पर बैठने वालों में एडवोकेट रणवीर सिंह, शैलेंद्र कुमार, अशोक मीणा, जितेंद्र सिंह शेखावत, रविंद्र सिंह शेखावत, अशोक स्वामी, महेश कुमावत, श्रीराम सैनी, मेघराज सैनी, शिवकरण सैनी, शिशुपाल सैनी, बृजमोहन सैनी, रमेश सैनी, हेमंत सैनी सहित कई अन्य अधिवक्ता शामिल थे।


