उदयपुर की ओल्ड सिटी में मनमर्जी की पार्किंग से जाम:रास्ते में गाड़ियां खड़ी करते ही सड़क बाधित, टूरिस्ट सीजन की शुरूआत से ही परेशानी

उदयपुर में टूरिस्ट सीजन की शुरूआत हो चुकी है लेकिन ओल्ड सिटी में जाम की परेशानियां भी इसके साथ शुरू हो गई है। असल में पुराने शहर में रास्ते में गाड़ियां खड़ी करते ही जाम की शुरूआत हो जाती है जिससे यहां आने वाले टूरिस्ट के साथ ही शहर के स्थानीय लोग भी परेशान हो जाते है। उदयपुर में शिल्पग्राम उत्सव, क्रिसमस और न्यू ईयर को लेकर टूरिस्ट सीजन की शुरूआत हो गई है। उदयपुर आने वाला टूरिस्ट ओल्ड सिटी में घूमता है और इस समय पुराने शहर के मार्ग व्यस्तम हो जाते है।
यहां पर सबसे बड़ी समस्या यह है कि यहां चारपहिया वाहनों की पार्किंग तय जगह से हटकर सड़क किनारे कर दी जाती है और कुछ जगह तो सड़क के बीच में ही गाड़ी रख देते है और इसके बाद जाम की शुरूआत हो जाती है। ऐसा ही नजारा रविवार की रात को दिखने को मिला जब जगदीश चौक से लेकर चांदपोल जाड़ा गणेश जी मार्ग पर जाम ने परेशान कर दिया। असल में गा​ड़ियां सड़क किनारे खड़ी कर दी और जैसे ही एक वाहन ने ओवरटेक किया तो सामने से वाहन आ गया और बस जाम की शुरूआत हो गई। ओल्ड सिटी में रहने वाले लोगों ने बताया कि यह शुरूआत है अब यहां टूरिस्ट बढ़ेगा तब यह समस्या और बढ़ने वाली है। क्षेत्रवासी कौशल आमेटा ने बताया कि जगह जगह मनमर्जी से दोपहिया वाहनों की जो पार्किंग हो रही है उस पर सख्ती जरूरी है। ऐसा नहीं होने से चांदपोल पार्किंग से लेकर आगे गणगौर घाट वाली रोड पर सड़क किनारे दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो रही है जिससे जाम की समस्या हो रही है। यही स्थिति चांदपोल से अमराई जाने वाले रास्ते पर है। ओल्ड सिटी में टूरिस्ट पैदल घुमते हुए खरीदारी करने के साथ ही सिटी पैलेस, जगदीश मंदिर, महालक्ष्मी मंदिर से लेकर गणगौर घाट, बागौर की हवेली और अमराई घाट तक पहुंचते है। असल में टूरिस्ट पैदल घूमना ज्यादा पसंद करते है लेकिन कभी तो जाम के दौरान पैदल निकलने वालों को भी इंतजार करना पड़ता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *