पाली में अब 4 मंजिला होगा ANM हॉस्टल:90 स्टूडेंट रह सकेंगी, 9 महीने में पूरा होगा निर्माण, 2 करोड़ का अतिरिक्त बजट मंजूर

पाली शहर के बांगड़ हॉस्पिटल परिसर में बने एएनएम हॉस्टल का विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में दो मंजिला छात्रावास को दो मंजिल और बढ़ाकर चार मंजिला बनाया जाएगा। विस्तार कार्य पूरा होने के बाद हॉस्टल में 90 एएनएम छात्राओं के रहने की सुविधा उपलब्ध होगी। हॉस्टल विस्तार का काम अगले 9 महीनों में पूरा होने की संभावना है। ट्रेनिंग के दौरान हॉस्टल में रहना अनिवार्य पाली के बांगड़ हॉस्पिटल परिसर में फिलहाल दो मंजिला नर्सेज छात्रावास संचालित है, जहां अभी 36 एएनएम स्टूडेंट रह रही हैं। सरकार की ओर से एएनएम ट्रेनिंग के दौरान हॉस्टल में रहना अनिवार्य किए जाने के बाद सभी छात्राओं को एक साथ ठहराने की व्यवस्था आवश्यक हो गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए मौजूदा हॉस्टल का विस्तार कर उसे चार मंजिला बनाया जा रहा है। चार मंजिला हॉस्टल में 45 कमरे, 90 छात्राओं की क्षमता वर्तमान एएनएम हॉस्टल में 18 कमरे, 16 लेट-बाथ, किचन, डायनिंग हॉल, बीमारी कक्ष, वार्डन रूम और परिजनों से मिलने के लिए अलग कक्ष बने हुए हैं। इस भवन के निर्माण पर पहले ही करीब 2 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। अभी यहां 36 एएनएम के रहने की व्यवस्था है। अब हॉस्टल में दो मंजिल और जोड़ने पर करीब 2 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट खर्च होगा। नए निर्माण में 27 कमरे बनाए जाएंगे। विस्तार पूरा होने के बाद चार मंजिला हॉस्टल में कुल 45 कमरे होंगे, जिनमें 90 एएनएम स्टूडेंट एक साथ रह सकेंगी। छात्राओं को मिलती हैं ये सुविधाएं हॉस्टल में केवल ट्रेनिंग ले रही एएनएम छात्राओं को ही आवासीय सुविधा दी जाती है। सरकार की ओर से उन्हें निशुल्क रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही हॉस्टल में कुक, गैस सिलेंडर और किचन की व्यवस्था भी है। छात्राएं अपनी पसंद की खाद्य सामग्री खरीदकर कुक को देती हैं, जो भोजन तैयार करता है। इस पर प्रति छात्रा करीब 1000 रुपए प्रतिमाह खर्च आता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *