उदयपुर एक 30 साल के एक युवा को विदेश में कुक का काम करते हुए एक मूवी में काम करने का मौका मिल गया। उसकी शुरू से फिल्म में काम करने की इच्छा थी लेकिन उसे यही नहीं पता था कि हांगकांग में रहते हुए ही यह मौका मिल जाएगा। उदयपुर जिले में रहने वाले हिम्मत मेनारिया अभी हांगकांग में रहते हुए कुक का काम करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वहां से जुड़े वीडियो शेयर करते हुए खुश है और उनकी आए दिन सोशल मीडिया पर की जाने वाली पोस्ट के जरिए हिम्म्त को एक इंग्लिश फिल्म में सपोर्टिंग रोल मिल गया है। अभी उसकी शूटिंग भी इसी महीने शुरू हुई। उदयपुर से करीब 45 किलोमीटर दूर वल्लभनगर ब्लॉक के रूण्डेड़ा गांव के रहने वाले हिम्मत मेनारिया ने अपनी पढ़ाई गांव में ही बारहवीं तक पूरी की। इसके बाद रोज़गार की तलाश में मुंबई चला गया और वहीं पर कुक का काम मिल गया। तब करीब दो साल तक काम किया इस बीच कोविड-19 के आने से स्थितियां बिगड़ गई और लॉकडाउन लग गया तब नौकरी चली गई। इन विषम परिस्थितियों में वह अपने गांव लौट आया और यहीं रहने लगा। समय ठीक हुआ इसके बाद हांगकांग में कुक का काम करने बड़े भाई मांगीलाल मेनारिया ने छोटे भाई हिम्मत को भी वहीं सेट करने का सोचा और बुला लिया। वह हांगकांग पहुंच गया। जहां उसे रसोइए (कुक) का काम शुरू कर दिया। इसी बीच हिम्मत जैसे समय मिलता वैसे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हुए हांगकांग से जुड़े वीडियो साझा करने लगा। हिम्मत ने बताया कि इन्हीं वीडियोज पर मलेशिया के एक व्यक्ति ने कमेंट किया और उनसे उसकी बातचीत शुरू हुई। बाद में पता चला कि वह बॉलीवुड फिल्मों से जुड़े हुए ग्राहम सैक्सन थे। बातचीत के बीच हिम्मत ने फिल्मों में काम करने की इच्छा जताई, जिस पर उन्हें आश्वासन मिला। कुछ ही समय बाद वह व्यक्ति हिम्मत से आकर मिला और चर्चा के बीच उसे फिल्म में रोल ऑफर कर दिया। हिम्मत ने बताया कि हांगकांग में 5 सितम्बर 2025 से शुरू हुई नई इंग्लिश फिल्म ‘द स्लीपर: ए मॉरोविंड स्टोरी’ में सपोर्टिंग रोल पर काम शुरू कर दिया। इस फिल्म के मुख्य अभिनेता और निर्देशक ग्राहम सैक्सन हैं। हांगकांग में शूटिंग के बाद अगले महीने चीन में भी फिल्म की शूटिंग होगी। गांव और परिवार में खुशी का माहौल
हिम्मत के इस चयन से रूण्डेड़ा गांव और उनका परिवार गर्व महसूस कर रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि हमें गर्व है कि हमारे गांव का बेटा अब फिल्म में दिखेगा। गांव और परिवारजन बोले कि उस पर सांवरिया सेठ और प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद बना रहे। हिम्मत मेनारिया ने वहां से बताया कि यह मेरे जीवन का सपना था। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे फिल्म में काम करने का मौका मिलेगा। मै शुरू से फिल्मों में करियर बनाने के बारे में सोचता था और अब मौका मिला है। हिम्म्त ने बताया कि अमेरिका और ब्रिटेन के लिए वीज़ा आवेदन कर चुका हैं और वहां फिल्मों में जाने के लिए भी प्रयास कर रहा है।


