राजस्थान पटवार संघ के बैनर तले पटवारियों के हड़ताल उतरने के बाद आज दूसरे दिन भी पटवारी हड़ताल पर है। इस हड़ताल के चलते पटवार मंडलों में जनता के काम बाधित हो गए हैं। वहां आने वालों को निराश लौटना पड़ रहा है। उदयपुर और सलूंबर जिले में तहसील मुख्यालयों के बाहर पटवारी धरना देकर बैठे हैं। 9 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल अपनी 9 सूत्री मांगों को लेकर पटवार संघ की ओर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है। हड़ताल व धरना-प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। तहसील मुख्यालयों पर पटवारी धरना देकर बैठे है और अपनी मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे है। सलूंबर जिले के सराड़ा उपखण्ड के पटवारी संघ ने भी तीसरे दिन लगातार सराड़ा तहसील कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते क्षेत्रवासियों को अपने कामकाज के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। पटवार मंडल के चक्कर काटने के बाद जैसे ही हड़ताल का पता चला तो उनको वहां से निराश ही लौटना पड़ा। बोले- पटवारियों में आक्रोश का माहौल उदयपुर पटवार संघ के अध्यक्ष पंकज पालीवाल ने बताया कि लंबे समय तक संघ की ओर से 9 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार से मांग की जा रही है पर अभी तक इस पर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिलने से रोष व्याप्त है। सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय करते हुए हड़ताल जारी है। बुधवार को सराड़ा तहसील कार्यालय के बाहर पटवार संघ सराड़ा के अध्यक्ष मोहन मीणा, उपाध्यक्ष हेमेंद्र कुमार गमेती सहित संगठन के शकीला शेख बानू , प्रिया कुमारी प्रजापत, भूपेंद्र सुथार, ललित कुमार पटेल, चेतन मीणा , गोकुलचंद्र मीणा, धनराज मीणा, कमलेंद्र सिंह खरवड़, सुरजमल मीणा, कालूलाल मीणा, भूपेश मीणा, हिना कुमारी मीणा, वर्षा मीणा, दीपक वैष्णव ,रेखा मीणा, महेंद्र पटेल सहित अन्य के नेतृत्व में धरना देते हुए अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए नारेबाजी की। ये है प्रमुख मांगे
पटवारियों की गिरदावरी एप में संशोधन, लंबित रिव्यू डीपीसी, पटवारी से भू अभिलेख निरीक्षक और भूू अभिलेख निरीक्षक से नायब तहसीलदार पद की डीपीसी करवाने सहित अन्य मांगे है। पटवारी हार्ड डयूटी व स्टेशनरी भत्ता बढाने की भी मांग कर रहे है। सलूंबर से इनपुट सहयोग : दीपक पटेल


