उदयपुर में सेना के सम्मान में गूंजा ‘प्रमाण्य-9’:सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच वीर सैनिकों का हुआ अभिनंदन, बंटी के गीतों पर झूमे युवा

उदयपुर के आरसीए सभागार में आयोजित “प्रमाण्य-9: भारतीय सेना हमारा अभिमान” समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। भारतीय सेना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल एन.के. सिंह (रिटायर्ड) और अन्य अतिथियों ने आर्मी के जवानों का नागरिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम ‘हवेली परिवार’ नामक एक संस्था द्वारा​ पिछले 9 सालों से किया जा रहा है। कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, योग प्रदर्शन, वीर सैनिकों का सम्मान और प्रेरक संबोधनों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। एक्स फैक्टर सिंगर शाहनवाज उर्फ बंटी ने एक के बाद एक कई गीतों पर प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। समारोह के दौरान राजस्थानी लोक नृत्य, कथक, योग प्रदर्शन और ओजपूर्ण कविताओं ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। वक्ताओं ने सैनिकों के त्याग और अनुशासन को राष्ट्र का गौरव बताया। इस गरिमामय कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, पूर्व सैनिकों और युवाओं ने बड़ी संख्या में शिरकत कर भारतीय सेना के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। सांस्कृतिक संयोजिका प्रियंका व्यास के निर्देशन में राजस्थानी लोक नृत्य, कथक, आधुनिक नृत्य, संगीतमय प्रस्तुतियां, कवि आयुष अरोड़ा की ओजपूर्ण कविता और दिया श्रीमाली का तिरंगे को समर्पित नृत्य विशेष आकर्षण रहे। सिंगर शाहनवाज खान और सिंगर काव्या के देशभक्ति गीतों पर लोग अपनी कुर्सियों से उठकर झूमने को मजबूर हो गए। कार्यक्रम संयोजक प्रद्युम्न सिंह राठौड़ ने बताया कि युवाओं को देश के लिए सब कुछ समर्पित करने वाले जवानों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाने के लिए यह आयोजन किया जाता है। जहां साल में कम से कम उन जवानों के त्याग को हर कोई महसूस कर सके और उन्हें स्पेशल फील करवा सके। लेफ्टिनेंट जनरल एन.के. सिंह सहित वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में सैनिकों के त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण को रेखांकित किया। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, पूर्व सैनिक, युवा वर्ग व आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *