उदयपुर में 8 सालों में बदली टूरिज्म की तस्वीर:2018 के मुकाबले 2025 में लगभग डबल हुए, घरेलु टूरिस्ट बने गेम चेंजर; सकारात्मक संकेत

उदयपुर की ​टूरिज्म इंडस्ट्री के लिए साल 2025 काफी अच्छा रहा है। 2025 के 12 महीनों में कुल 21 लाख 57 हजार 787 टूरिस्ट लेकसिटी के अलग-अलग टूरिस्ट पॉइंट्स पर घुमने पहुंचे। इनमें 19 लाख 96 हजार 700 देसी और 1 लाख 61 हजार 87 विदेशी है। 2018 से 2025 के बीच उदयपुर में आने वाले टूरिस्ट लगभग डबल हो गए है। टूरिज्म डिपार्टमेंट के आंकड़ों पर नजर डाले तो 8 सालों में सबसे ज्यादा टूरिस्ट 2025 में आए है। खास बात यह है कि 2019 के बाद लगातार कम हो रहे विदेशी पर्यटकों की संख्या थोड़ी बढ़ने लगी है। पिछले साल इंडियन टूरिस्ट में 7.6 फीसदी और विदेशी टूरिस्ट की 3.7 फीसदी बढ़े है, यह उछाल उदयपुर की इकोनॉमी के लिए सकारात्मक संकेत है। 2025 में सबसे ज्यादा टूरिस्ट दिसंबर और सबसे कम अप्रैल में आए। विदे​शी टूरिस्ट के लिहाज से जून भी कमजोर रहा। 2018 में औसतन हर महीने उदयपुर में करीब 94,700 टूरिस्ट आते थे। 2025 में यह औसत बढ़कर करीब 1,79,800 हो गया है। यह ट्रेंड दिखाता है कि भीड़ अब पूरे साल ज्यादा फैली हुई है, सिर्फ कुछ महीनों तक सीमित नहीं है। घरेलू पर्यटक बने गेम चेंजर
2018 से 2025 के बीच कुल बढ़ोतरी करीब 10.20 लाख रही, जबकि अकेले घरेलू पर्यटकों की बढ़त इससे भी ज्यादा है। अगर घरेलू पर्यटन नहीं होता, तो कुल आंकड़ा भी नहीं बढ़ता। 2018 के मुकाबले 2025 में कुल पर्यटक लगभग दोगुने के करीब पहुंच गए, लेकिन यह बढ़त घरेलू पर्यटकों के भरोसे आई। विदेशी पर्यटक 2018 के स्तर से अब भी नीचे हैं। वही 2018 में हर 100 पर्यटकों में करीब 18 विदेशी थे, जो 2025 में घटकर 7-8 विदेशी रह गए। यह सिर्फ संख्या का नहीं, बल्कि पर्यटन की संरचना बदलने के संकेत भी है। टूरिज्म विभाग की डिप्टी डायरेक्टर शिखा सक्सेना ने बताया कि साल 2025 में पर्यटन की रफ्तार पूरे साल उतार-चढ़ाव के साथ आगे बढ़ती रही। जनवरी 2025 में 1 लाख 95 हजार भारतीय और 21 हजार 150 विदेशी पर्यटक पहुंचे। फरवरी में भारतीय पर्यटकों की संख्या घटकर 1 लाख 47 हजार 200 रही, जबकि विदेशी पर्यटक बढ़कर 24 हजार 566 हो गए। मार्च में 1 लाख 49 हजार 900 भारतीय और 22 हजार 65 विदेशी पर्यटक आए। अप्रैल में गर्मी का असर साफ दिखा। भारतीय पर्यटक 95 हजार और विदेशी 9 हजार 181 रहे। मई में भारतीय पर्यटक 1 लाख 5 हजार 500 तक पहुंचे, लेकिन विदेशी पर्यटक घटकर 2 हजार 662 रह गए। जून में 1 लाख 40 हजार 600 भारतीय और 2 हजार 190 विदेशी पर्यटक दर्ज किए गए। जुलाई में मानसून के बावजूद 1 लाख 44 हजार 500 भारतीय और 5 हजार 53 विदेशी पर्यटक आए। अगस्त में इसमें और तेजी दिखी, जब 1 लाख 75 हजार भारतीय और 7 हजार 369 विदेशी पर्यटक पहुंचे। सितंबर में 1 लाख 55 हजार भारतीय और 7 हजार 522 विदेशी पर्यटक आए। अक्टूबर में पर्यटन ने फिर रफ्तार पकड़ी। इस महीने 2 लाख 33 हजार भारतीय और 17 हजार 145 विदेशी पर्यटक पहुंचे। नवंबर में भारतीय पर्यटक 1 लाख 76 हजार और विदेशी 22 हजार 51 रहे। दिसंबर 2025 सबसे मजबूत महीना रहा, जब 2 लाख 80 हजार भारतीय और 20 हजार 133 विदेशी पर्यटक आए। समझे 2018 से 2025 तक टूरिस्ट का ट्रेंड
2018 से 2025 तक के आंकड़े देखें तो साफ दिखता है कि उदयपुर में टूरिस्ट की संख्या में उतार-चढ़ाव के साथ लंबा सफर तय किया है। भारतीय और विदेशी पर्यटकों की संख्या पर सबसे बड़ा असर 2020 और 2021 में कोरोना की वजह से पड़ा, उसके बाद लगातार रिकवरी हुई। चार्ट से समझे, साल-दर-साल कुल पर्यटकों की संख्या कब सर्वाधिक आए पर्यटक
पूरे आठ सालों में देखें तो 2025 सबसे आगे रहा। इस साल भारतीय पर्यटक करीब 19.96 लाख तक पहुंचे, जो अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। विदेशी पर्यटकों के मामले में 2018 अब भी सबसे मजबूत साल रहा, जब 2.07 लाख विदेशी पर्यटक आए।
महीनों की बात करें तो पूरे कालखंड में दिसंबर और नवंबर लगातार सबसे मजबूत रहे हैं। 2025 का दिसंबर अब तक का सबसे बड़ा महीना साबित हुआ, जब 2.80 लाख भारतीय पर्यटक दर्ज किए गए। सबसे कमजोर साल 2020 और 2021 रहे, तब सबसे कम पर्यटक आए। 2020 में भारतीय पर्यटक घटकर 3.55 लाख और विदेशी सिर्फ 44,643 रह गए। इसके बाद 2021 में विदेशी पर्यटक ऐतिहासिक रूप से सबसे कम रहकर सिर्फ 5,025 रहे। 2020 में अप्रैल और मई ऐसे महीने रहे, जब भारतीय पर्यटक शून्य तक आ गए और विदेशी संख्या भी नाममात्र रही। 2018–19 स्थिर और मजबूत साल रहे। 2020-21 में पर्यटन लगभग ठहर गया। 2022 से सुधार शुरू हुआ और 2023-24 में यह मजबूती में बदला। 2025 में पर्यटन ने नया रिकॉर्ड बनाया। आंकड़े साफ बताते हैं कि इस गिरावट के बाद पर्यटन न सिर्फ संभला, बल्कि पहले से ज्यादा मजबूत होकर लौटा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *