उदयपुर की सज्जनगढ़ सेंचुरी लगातार चौथे दिन आग में जल रही है। अब तक 50 हेक्टेयर एरिया आग की चपेट में आ चुका है। आग की लपटें अब मानसून पैलेस तक पहुंच गई है। आग बुझाने के लिए 60 फीट गहरी खाई में 10 कर्मचारियों को उतारा गया है। 9 फायर ब्रिगेड को तैनात किया गया है। जहां गाड़ी नहीं पहुंच पा रही है, वहां खाई में 50-50 मीटर के 8 पाइप को जोड़कर आग की लपटों तक पानी पहुंचाया गया है। उदयपुर के चीफ फायर ऑफिसर बाबूलाल चौधरी ने बताया कि बैकअप के तौर पर चित्तौड़गढ़ और नाथद्वारा से एक-एक फायर ब्रिगेड मंगवाई गई है। फोटो में देखिए- सज्जनगढ़ सेंचुरी में लगी आग…. जानवरों के पिंजरे तक पहुंच गई थी लपटें
गुरुवार देर रात तक आग की लपटें सेंचुरी में जानवरों के पिंजरे तक पहुंच गई थी। जिस पर काबू पाया गया। हालांकि दावा किया जा रहा है कि वहां पिंजरा खाली था और किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। इधर, आग को देखते हुए लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को मानसून पैलेस और बायोलॉजिकल पार्क में टूरिस्ट की एंट्री को बंद किया गया है। 14 फायर ब्रिगेड से लगातार आग को बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से दावा किया जा रहा है कि सूखी घास की वजह से ये आग लगातार भड़क रही है। फायर लाइन के बाद भी भड़क रही है आग
दरअसल, एक जगह आग बुझाने पर हवा और सूखी घास की वजह से आग दोबारा भड़क रही है। आग आगे न फैले इसके लिए फायर लाइन भी बनाई गई है, ताकि आग लपटों के साथ आगे नहीं बढ़े। लेकिन फायर लाइन के बाद भी आग हवा के साथ दूसरे एरिया में फैल रही है, जिसकी वजह से दोबारा आग पकड़ रही है। ऊंचाई से आग पर निगरानी, 1 से डेढ़ किलोमीटर एरिया में कर्मचारी तैनात
फायर ऑफिसर शिवराम मीणा ने बताया कि हवा की दिशा बदलने से ये आग ऊपर की तरफ बढ़ रही है। एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर फायरकर्मियों को तैनात किया गया है। अभी मौके पर करीब 150 से ज्यादा कर्मचारी तैनात है। इसमें वन विभाग, फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग के कर्मचारी शामिल है। उदयपुर नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने दैनिक भास्कर को बताया कि यहां हमारे पांच फायर स्टेशन की करीब 14 गाड़ियां लगा रखी है। चार दिन में अब तक करीब 250 से 300 फेरे गाड़ियों ने कर लिए है। सज्जनगढ़ सेंचुरी से जुड़ी ये खबरें भी…. उदयपुर के जंगल में 3 दिन से आग सुलग रही:7 पॉइंट्स पर अलग-अलग जगह भभकी; 2 साल पहले सेना का हेलीकॉप्टर बुलाना पड़ा था (पूरी खबर पढ़े..) उदयपुर के जंगल में लगी भीषण आग, सज्जनगढ़ सेंचुरी और बायोलॉजिकल पार्क में पर्यटकों की एंट्री बंद; मकान खाली करवाए (पूरी खबर पढ़े..)


