भास्कर न्यूज| अंबागढ़ चौकी अंतरराज्यीय ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता नगर में मंगलवार से प्रांरभ हो गया। स्पर्धा में इस वर्ष खिताब के लिए छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश की टीमों के मध्य मुकाबला होगा। स्पर्धा के उद्घाटन मैच डीसीए राजनांदगांव ने चौहान अकादमी को आसानी से मात देकर दूसरे चक्र में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मैच मंगलवार को सुबह 11 बजे से डीसीए राजनांदगांव व भिलाई की चौहान अकादमी के मध्य खेला गया। मैच में सुबह डीसीए राजनांदगांव ने टास जीतकर अकादमी को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भिलाई की शुरूआत निराशाजनक रही। पचास रन से पहले ही उसके चार सलामी बल्लेबाज पेवेलियन लौट गए थे। डीसीए राजनांदगांव की कसी हुई गेंदबाजी व स्पिनर्स के बेहतरीन प्रदर्शन से राजनांदगांव ने आसानी से चौहान अकादमी को निर्धारित ओवरों में मात्र 122 रनों पर ही समेट दिया। भिलाई की ओर से कप्तान आरीफ खान ने 32, मिथुन्जंय ने 20 और सौरभ ने 23 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। शेष बल्लेबाज मैदान में टिक नहीं पाए। राजनांदगांव की ओर से रणजी प्लेयर गगनदीप ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार व अभ्युदय ने दो विकेट लिया। लंच के बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए राजनांदगांव ने निर्धारित सात ओवरों से पहले ही आसानी ने जीत के लक्ष्य को पा लिया। डीसीए के सलामी बल्लेबाजों ने आक्रमक पारी खेलते हुए मात्र 12 ओवर तीन गेंदों में ही 124 रन बना लिए। राजनांदगांव की ओर से सानिध्य ने 12 गेंदों में 29 रन बनाए। देवानंद ने 21, अमन मिश्रा ने 30 रनों की शानदार पारी खेली। राजनांदगांव ने तीन विकेट खो कर मैच में जीत हासिल की। मैच का मैन आफ द मैच गगनदीप बने: स्पर्धा के उद्घाटन मैच के मैन ऑफ द मैच डीसीए राजनांदगांव के रणजी खिलाड़ी गगनदीप सिंह रहे। गगनदीप ने मैच जिताऊ पारी खेलते हुए जहां गेंद से चार विकेट लिए वहीं बल्लेबाजी करते हुए उपयोगी 12 रन बनाए। मैच के निर्णायक अंपायर हेमंत ठाकुर व सपन काकडे थे। दोनों अंपायर छग राज्य क्रिकेट संघ व डीसीए की ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सेवाएं दे रहे हैं। मैच में कॉमेंट्रेटर केएस ठाकुर व विकास मानिकपुरी थे। नए जिले में खेल व खिलाड़ियों के लिए अपार संभावनाएं: प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए डीसीए के सचिव योगेश बागड़ी ने कहा कि नवीन जिले में क्रिकेट ही नहीं सभी प्रकार के खेल व खिलाड़ियों के लिए अपार संभावनाएं है। बागड़ी ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया। ग्रुप ए का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला आज अंतरराज्यीय ड्यूस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को ग्रुप ए का पहला क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में बाई लेकर रियाज अकादमी रायपुर प्रतियोगिता में सीधे दूसरे वक्र में प्रवेश करेगी। बुधवार को रियाज अकादमी का मुुकाबला डीसीए राजनांदगांव से प्रातः 11 बजे ग्रीन हिल पार्क क्रिकेट मैदान में होगा। अंपायर हेमंत ठाकुर व सपन काकडे होंगे।


