भास्कर न्यूज | लुधियाना ऑल इंडिया काउंसिल अॉफ टेक्नीकल एजुकेशन (एआईसीटीई), शिक्षा मंत्रालय और इनोवेशन सेल द्वारा उद्यमोत्सव 2025 का आयोजन किया जाएगा। इसके जरिए युवा अपने स्टार्टअप आइडिया को पेश कर सकेंगे। इस कंपीटिशन में स्टूडेंट,फैकल्टी, उच्च शिक्षण संस्थानों के स्टार्टअप, स्कूल स्टूडेंट स्टार्टअप, उच्च शिक्षण संस्थानों के इन्कयूबेशन सेंटर के स्टार्टअप इनक्यूबेटेड हिस्सा ले सकते हैं। नेशनल स्टार्टअप डे के मौके पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जोकि 14 शहरों में आयोजित होगा। इसमें चंडीगढ़, अहमदाबाद, दिल्ली, जयपुर, बैंगलोर, हैदराबाद, पुणे, चेन्नई, श्रीनगर, कोयंबटूर, नागपुर, लखनउ, त्रिवेंद्रम, गुवाहाटी शामिल हैं। इन जगहों में अगर कोई इवेंट को होस्ट भी करना चाहता है तो भी आवेदन कर सकते हैं। एमओई-एआईसीटीई द्वारा आयोजित इस कंपीटिशन के लिए इनवेस्टर और स्टार्टअप इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। उद्यमोत्सव 2025 के जरिए लाइव पिच सेशन आयोजित होंगे जिसमें स्टार्टअप अपने बिजनेस आइडिया को इनवेस्टर के सामने पेश कर सकेंगे। इसका मकसद स्टार्टअप कल्चर को प्रोत्साहित करना है। जिससे कि युवा फंडिंग भी हासिल कर सकें। इस कार्यक्रम में एंजल इनवेस्टर, वेंचर इनवेस्टर, कॉरपोरेट इनवेस्टर, इंपैक्ट इनवेस्टर हिस्सा लेंगे और फंडिंग के विभिन्न ऑप्शन उपलब्ध होंगे। स्टार्टअप के आइडिया के अनुसार इनवेस्टर मार्केट में उस आइडिया के बढ़ने के अवसर, इनोवेशन और रिटर्न की संभावना को भी जान सकेंगे। एआईसीटीई द्वारा स्टार्टअप और इनवेस्टर्स को इस इवेंट के साथ जुड़ने के लिए 31 दिसंबर तक आवेदन करने के लिए कहा है। ऑनलाइन आवेदन करने के लिए इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल और नॉन इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल का ग्रुप बनाया गया है। जिसके मुताबिक आवेदन किए जा सकते हैं। संस्थान अपने स्तर पर स्टार्टअप को नॉमिनेट कर सकते हैं। स्टार्टअप को प्रेजेंटेशन बनाने के लिए मदद करने के लिए एक ड्राफ्ट प्रेजेंटेशन भी दी गई है। जिससे कि स्टार्टअप उस मुताबिक अपनी प्रेजेंटेशन तैयार कर सकें। आवेदन करने के लिए https://yukti.mic.go v.in/Udyamotsav पर विजिट करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए स्टेट, स्टार्टअप का नाम, ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर, स्टार्टअप रजिस्टर्ड है या नहीं इसके बारे में जानकारी देनी होगी। इस कंपीटिशन में स्टार्टअप विभिन्न विषयों पर अपने आइडिया पेश कर सकेंगे। इसमें टेक्नोलॉजी, फिनटेक, हेल्थ टेक, एजुटेक, सस्टेनेबिलिटी, एग्रीकल्चर, कंज्यूमर गुड और अन्य सेक्टर में आइडिया पेश कर सकेंगे। स्टार्टअप लगातार बढ़ रही टेक्नोलॉजी, सस्टेनेबल सॉल्यूशन, सामाजिक मुद्दों के हल इत्यादि पर आइडिया पेश कर सकेंगे। जिससे कि उन्हें ज्यादा से ज्यादा इनवेस्टर मिल सकें। साथ ही इनवेस्टर और स्टार्टअप को एक साथ मिल कर काम करने का अवसर मिलेगा। इनवेस्टर द्वारा कुछ अहम बिंदुओं पर स्टार्टअप के आइडिया का परखा जाएगा इसमें मार्केट फिट, सस्टेनेबिलिटी, टीम स्ट्रेंथ, फाइनेंशियल, कंपीटिटिव लाभ जैसे पॉइंट्स को देखा जाएगा। इनवेस्टर मौके पर ही स्टार्टअप को फीडबैक देंगे जिससे कि वो अपने बिजनेस मॉडल और प्रेजेंटेशन इत्यादि को बेहतर कर सकें। कार्यक्रम से पहले स्टार्टअप के लिए वर्कशॉप, मेंटरिंग सेशन भी आयोजित किए जाएंगे जिससे कि स्टार्टअप अपने आइडिया को बेहतर कर सकें और इनवेस्टर हासिल कर सकें। इन सेशन का आयोजन इंडस्ट्री के लीडर्स द्वारा किया जाएगा जो इनवेस्टर की रुचि को समझते हुए ट्रेनिंग आयोजित करेंगे। स्टार्टअप के लिए पिच डैक,बिजनेस प्लान, फाइनेंशियल मॉडल बनाने के लिए सभी सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यही नहीं इवेंट के बाद भी स्टार्टअप इनवेस्टर्स के साथ संपर्क में रहें और उन्हें जरुरी मदद मिल सके इसके लिए भी प्रबंध होंगे।


