भास्कर न्यूज | कवर्धा नगर पालिका क्षेत्र कवर्धा में कई निर्माण कार्य कराए जा रहे है। इनमें भोजली तालाब के समीप निर्माणाधीन उद्यान, पाथवे निर्माण कार्य भी शामिल है। जहां रामायण के अलग अलग पात्रों का चित्रण है। जिनमें मुख्य रूप से सीता हरण, हनुमान का समुद्र पार कर सीता से मिलने का दृश्य अंकित है। बुधवार को डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने इन निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ निर्माण प्राथमिकता होनी में लाने की बात कही। इसके साथ ही भोजली तालाब के समीप विकसित किए जा रहे उद्यान निर्माण की प्रगति का अवलोकन किया। कहा कि यह स्थल शहरवासियों के लिए आकर्षक और सुविधाजनक बने, इसलिए निर्माण में सुंदरता, मजबूती और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए विकास कार्य की भी समीक्षा की। इसके बाद निर्माणाधीन चौपाटी का भी निरीक्षण किया है। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व जिपं अध्यक्ष संतोष पटेल, मनीराम साहू, रामबिलास चंद्रवंशी, पार्षद देवा साहू समेत जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। पाथवे निर्माण कार्य जल्द पूरे किए जाएंगे : चंद्रप्रकाश निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चन्द्रवंशी ने विजय शर्मा को सभी निर्माण कार्य के विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर को नया स्वरूप देने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चौपाटी, तालाब सौंदर्यीकरण और पाथवे निर्माण जैसे कार्य तीव्र गति से पूरे किए जा रहे हैं। आने वाले समय में सभी काम पूरे हो जाएंगे। इन सभी निर्माण कार्य का पालिका प्रशासन व नपा के पदाधिकारियों द्वारा भी मॉनिटरिंग किया जा रहा है। ताकि, निर्माण कार्य सही गुणवत्ता के साथ पूरा हो सके।


