गुरमीत लूथरा | अमृतसर एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग की बिना नोटिस सर्वे की आड़ में रेड का सिलसिला जारी है। इसे लेकर व्यापारियों में रोष है। आए दिन सर्वे व निरीक्षण से मानसिक दबाव झेल रहे व्यापारियों ने आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया है। उद्योगपतियों का कहना है कि अगर सर्वे की आड़ में बिना सूचना रेड करने का सिलसिला एक हफ्ते में बंद न हुआ तो धरना-प्रर्दशन का सिलसिला शुरू किया जाएगा। व्यापारियों द्वारा करोडों का टैक्स सरकार को अदा किया जा रहा है फिर भी सर्वे का यह रवैया बर्दाश्त योग्य नहीं है। टारगेट से ज्यादा टैक्स कलेक्शन होने के बावजूद नाजायज तंग किया जा रहा है। पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान सुरिंदर दुग्गल ने कहा कि अगर सर्वे का सिलसिला न थमा तो दुकानें व औद्योगिक इकाइयां बंद कर चाबियां सरकार को सौंप देंगे। सप्ताह पहले हाल बाजार में एक फोटो कलर लैब के प्रबंधकों को सर्वे के नाम पर तंग किया गया। अमृतसर इलेक्ट्रॉनिक्स एसो. प्रधान बलबीर भसीन ने कहा अधिकारियों के नकारात्मक रवैये से व्यापारी मानसिक तनाव झेल रहे हैं। बिना सूचना सर्वे ऐसे किया जाता है जैसे व्यापारी चोर अथवा डाकू हों। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपप्रधान रंजन अग्रवाल ने कहा है कि सरकार को निर्धारित लक्ष्य से 10% ज्यादा जीएसटी कलेक्शन हो रहा है फिर भी व्यापारियों को नाजायज तंग करने का सिलसिला जारी है। 90% से ज्यादा व्यापारी ईमानदारी से टैक्स दे रहे हैं। भारतीय व्यापार मंडल के प्रदेश प्रधान राजीव अनेजा ने कहा है कि विभाग के अधिकारियों को तानाशाही रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर एक सप्ताह में अंकुश नहीं लगता है तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर राजविंदर कौर ने स्पष्ट किया है कि टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ सर्वें एवं निरीक्षण का सिलसिला जारी रहेगा। जो लोग बोगस बिलिंग कर रहे हैं, जो जीएसटी चोरी कर रहे हैं, उनके खिलाफ विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी। उक्त लेब पर भी किया गया निरीक्षण जायज था क्योंकि फोटोग्राफी मेटीरियल, फोटोग्राफी व अन्य संबंधित मेटीरियल पर भी टैक्स लगता है मगर टैक्स की अदायगी नहीं की जा रही थी।


