भास्कर न्यूज | अमृतसर मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत कार्ड बनाने की रफ्तार काफी धीमी है। 22 जनवरी को शुरू हुई योजना के तहत जिला प्रशासन की ओर से सीएससी केंद्रों के माध्यम से लोगों के हेल्थ कार्ड बनाए जा रहे हैं मगर प्रक्रिया अभी पटरी पर नहीं आ पाई है। जब सरकार की ओर से 27 जनवरी को फीस वृद्धि करते हुए 20 रुपए प्रति कार्ड देने की घोषणा की तो केंद्रों की ओर से हेल्थ कार्ड बनाने शुरू किए गए। जिले की बात की जाए, तो 16 दिन में 600 सीएससी केंद्र रोजाना महज 120 हेल्थ कार्ड रोजाना बना पा रहे हैं, जबकि सरकार की ओर से हरेक सीएससी केंद्र से रोजाना 50 हेल्थ कार्ड बनवाना चाहती है। अगर सरकार के आदेशों के अनुसार काम होता, तो 600 केंद्रों में 16 दिन में 4.80 लाख हेल्थ बनने चाहिए थे। उधर, सीएससी केंद्रों के मालिकों का कहना है कि देरी के कई कारण है जिनमें से प्रमुख कारण वेबसाइट का सर्वर डाउन होना है। इसके अलावा ज्यादातर के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर लिंक नहीं हैं।


