उपनगर ग्वालियर की घटना:नकाबपोश ने एटीएम फूंका, कार जलाई, बोला- तोड़फोड़ करता रहूंगा

नशे की सनक में नाबालिग ने आधी रात तांडव मचाया। परिजनों से झगड़े के बाद नाबालिग ने गुस्से में उत्पात मचाया। पहले उसने एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पेट्रोल डालकर आग लगाई। इसके अगले ही दिन रिटायर्ड राजस्व अधिकारी की कार में पेट्रोल छिड़ककर जला दी। भागते समय एक अन्य कार में तोड़फोड़ की। लोगों ने शोर मचाया तो नकाबपोश धमकी दी कि-मैं ऐसे ही आग लगाकर तोड़फोड़ करता रहूंगा। उसकी हरकतों से इलाके में दहशत फैल गई। मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र के पच्चीपाड़ा, गंज मंडी किलागेट का है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 साल के नाबालिग को पकड़ लिया है। अलर्ट हार्न बजने पर बाहर निकला, जल रही थी कार
किलागेट निवासी शंकर सिंह तोमर राजस्व विभाग के रिटायर्ड अफसर हैं। 27 जनवरी की रात 11:04 बजे 15 साल का नाबालिग बोतल में पेट्रोल लेकर उनके घर के बाहर पहुंचा। घर के बाहर खड़ी कार पर नाबालिग ने पेट्रोल छिड़का और माचिस से आग लगा दी। जैसे ही कार का अलर्ट हार्न बजा, शंकर सिंह और उनके परिजन बाहर आए तो कार जलती मिली। बाहर खड़ा नाबालिग गाली देते हुए बोला-मैं ऐसे ही आग लगाकर तोड़फोड़ करूंगा। भागते समय उसने पास खड़ी दिनेश सिकरवार की कार का आगे का शीशा पत्थर से तोड़ दिया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाल-बाल बचा 10 लाख कैश
26 जनवरी की रात 11:48 बजे नाबालिग ने किलागेट चौराहा स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम मशीन में आग लगा दी। अलर्ट मुंबई स्थित हेड ऑफिस पहुंचा। सूचना मिलते ही बैंक और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एटीएम में रखे 10 लाख रुपए आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। रमटापुरा से पकड़ा गया नाबालिग
थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि नाबालिग को रमटापुरा पुल के पास से पकड़ लिया है। पूछताछ में नाबालिग ने कार और एटीएम में आग लगाने की बात कबूल कर ली। नाबालिग नशे का आदी है। घर में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी तनाव में उसने इस घटना को अंजाम दिया। गैंग का आतंक, तोड़फोड़-आगजनी से दहशत
ग्वालियर में कांचफोड़ू गैंग सक्रिय है। इस गैंग में ज्यादातर नाबालिग हैं। ये सूखा नशा करते हैं। बदमाशों का मकसद-इलाके में डर का माहौल बनाना। नशे के बाद नकाबपोश रात में लोगों के घरों के बाहर खड़ी कारों को निशाना बनाते हैं। गाड़ियों के कांच तोड़ने के साथ अब तो आग भी लगा रहे हैं। हुरावली: पांच लोगों की कारों पर पथराव
मार्च में कुम्हारपुरा निवासी देवेंद्र कटारे और उनके मित्र अविनाश तिवारी की कार में तोड़फोड़ की गई। इसके बाद गोवर्धन कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी 4 कारों के कांच फोड़ दिए। 3 नवंबर को हुरावली में बदमाशों ने घरों के बाहर खड़ी पांच लोगों की कारों पर पथराव कर जमकर नुकसान पहुंचाया। 20 से ज्यादा कारों और लोडिंग के कांच तोड़े
11 जनवरी को 4 नकाबपोश बदमाशों ने सरेराह तांडव मचाया। रमटापुरा से सेवानगर के बीच करीब 30 मिनट तक इन बदमाशों ने सड़क किनारे खड़ी 20 से ज्यादा कारों और लोडिंग वाहनों के कांच तोड़ डाले। जांच में सामने आया कि चारों आरोपी गांजा और स्मैक के आदी थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *