जानलेवा सर्दी:चार दिन में हार्ट अटैक के 112 केस, 15 की मौत मरने वालों में 40 वर्ष से कम उम्र के 9 युवक

शहर में सर्दी अब जानलेवा साबित होने लगी है। 25 जनवरी से सर्दी का असर बढ़ा है। अगर रविवार से बुधवार यानी पिछले 4 दिन की बात की जाए तो अब हृदय रोगियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। जेएएच के कार्डियोलॉजी सहित शहर के प्रमुख 3 प्रमुख अस्पतालों की बात की जाए तो यहां 4 दिन में हार्ट अटैक के आए 112 मरीजों में से 15 की मौत हो गई। बड़ी बात यह है कि इन 15 मरीजों में 9 वह लोग हैं जिनकी उम्र 40 वर्ष से कम है। वहीं 11 मरीज ऐसे थे जिन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। जेएएच के कार्डियोलॉजी में मरीज क्षमता से अधिक यहां भर्ती हैं। 70 बेड की कार्डियोलॉजी में 87 मरीज भर्ती हैं। हालात यह है कि मरीज गैलरी तक में भर्ती हैं। सर्दी में तेज बढ़ता है ब्लडप्रेशर, जो घातक
जीआरएमसी के कार्डियोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफे. डॉ. गौरव कवि भार्गव ने बताया कि कड़ाके की सर्दी के कारण ब्लडप्रेशर तेजी से बढ़ रहा है। साथ डायबिटीज अनियंत्रित हो रही है,जो घातक है। अभी जो हार्ट अटैक के मरीज आ रहे हैं उनमें युवा अधिक हैं। इसलिए इस मौसम में ब्लडप्रेशर अवश्य चेक कराएं। अगर बीपी अधिक तो विशेषज्ञ की सलाह पर दवा लें। धूप निकलने के बाद ही बाहर टहलें मरीज
रतन ज्योति डालमिया हार्ट सेंटर के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रविशंकर डालमिया का कहना है कि सर्दी दोबारा लौटने से हार्ट अटैक के केस बढ़े हैं। इसलिए हार्ट पेंशेंट धूप निकलने के बाद सुबह 9 से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलें। ब्लड प्रेशर और हृदय रोग से पीड़ित मरीज अधिक सर्दी होने पर सुबह जल्दी टहलने न जाएं। नियमित दवाओं का सेवन करें।
सर्दी में नसें हो जाती हैं संकुचित, केस बढ़ने का कारण कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आकाश मोदी ने बताया कि इस समय पर कड़ाके की सर्दी में दिल को खून सप्लाई करने वाली नसें संकुचित हो जाती है। सिंपैथेटिक नर्वस सिस्टम की सक्रियता बढ़ जाती है। इस नसों में बने ब्लॉक टूट जाते हैं। उन पर खून का धक्का जम जाता है। इस कारण ब्लडप्रेशर तेजी से बढ़ने के साथ हार्ट अटैक का कारण बनता है।
दोस्त के डलवाए दो छल्ले, खुद की हार्टअटैक से मौत
36 साल का युवक अपने दोस्त को दिखाने के लिए कार्डियोलॉजिस्ट के पास गया था। दोस्त के सीने में दर्द हो रहा था। डॉक्टर की सलाह पर दोस्त को दो छल्ले डाले गए और वह ठीक हो गया, लेकिन 3 दिन बाद जो मरीज को लेकर गया था उसे हार्ट अटैक आया। हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। जिम जाने वाला युवक भी कार्डियक अरेस्ट का शिकार
डबरा निवासी 28 वर्षीय युवक जिम जाता था। वह फिटनेस को लेकर काफी अवेयर था, लेकिन उसे सिगरेट पीने की गंदी लत थी। इस कारण उसे सडन कार्डियक अरेस्ट हुआ जिससे उसकी मौत हो गई। परिजन जब डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने बताया कि वह खत्म हो चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *