बांसवाड़ा| डायलाब रोड स्थित सर्किट हाउस के पास उपवन संरक्षण कार्यालय परिसर में चोरों ने बेखौफ होकर चंदन के पेड़ काट लिए। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना की भनक न तो उपवन विभाग के अधिकारियों को लगी और न ही पुलिस को। चोर रात के समय कार्यालय परिसर में घुसे और वहां लगे कीमती चंदन के पेड़ों को काटकर ले गए। घटना के बाद विभागीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मोहम्मद इब्राहिम के अनुसार उपवन संरक्षण कार्यालय में पहले से ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। परिसर में न तो चौकीदार की नियमित तैनाती थी और न ही सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो चंदन के कटे हुए ठूंठ देखकर चोरी का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर उपवन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके का मुआयना कर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।


