उपसरपंच की मांग पर सरपंच ने छोड़ा अपना कक्ष:बालाघाट में अब नीम के पेड़ के नीचे बैठकर कर रही जनता के काम

बालाघाट जिले की भरवेली पंचायत में सरपंच गीता अनिल बिसेन ने उपसरपंच की मांग पर अपना कार्यालय कक्ष छोड़ दिया है। अब वह पंचायत भवन के पास नीम के पेड़ के नीचे बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रही हैं और पंचायत के कार्य कर रही हैं। दरअसल, यह वही पंचायत है जिसके भवन का लोकार्पण प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने किया था। बुधवार को सरपंच गीता अनिल बिसेन ने मीडिया को बताया कि कार्यकाल की शुरुआत से ही उपसरपंच और उनके समर्थक पंच पंचायत में गतिरोध बनाए हुए हैं। हाल ही में उन्होंने लंबे समय तक आंदोलन कर अधिकारियों से मांग की थी कि उन्हें सरपंच की तरह एक अलग कक्ष दिया जाए। पंचायत भवन में उपसरपंच के लिए हॉल बना सरपंच बिसेन के अनुसार, पंचायत भवन में उपसरपंच, पंच और ग्रामीणों की बैठकों के लिए हॉल उपलब्ध है। इसके अलावा, सचिव और पटवारी के लिए भी अलग कमरे बनाए गए हैं ताकि जनता प्रशासनिक कार्यों के लिए उनसे मिल सके। हालांकि, उपसरपंच अपने लिए सरपंच का कक्ष खाली कराने की जिद पर अड़े थे। इस स्थिति को देखते हुए, सरपंच गीता अनिल बिसेन ने स्वयं अपने कक्ष का त्याग करने का निर्णय लिया। उन्होंने पंचायत सचिव और जनपद सीईओ को पत्र लिखकर सरपंच कक्ष उपसरपंच को आवंटित करने की जानकारी दी है। इसके बाद से वह नीम के पेड़ के नीचे से ही पंचायत के कामकाज संभाल रही हैं। यह जिले में अपनी तरह का पहला मामला है, जहां किसी सरपंच ने उपसरपंच के लिए अपना कार्यालय कक्ष छोड़ा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *