भारत सरकार के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की उप सचिव और आकांक्षी विकासखंड अजयगढ़ की प्रभारी अधिकारी डॉ. जीविशा जोशी गंगोपाध्याय ने 31 दिसंबर को अजयगढ़ ब्लॉक का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों सहित विभिन्न शासकीय संस्थाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उप सचिव ने अजयगढ़ स्थित आजीविका मिशन कार्यालय में ग्रामीण परामर्श केंद्र का अवलोकन किया। यह केंद्र कौशल विकास, उत्पाद विक्रय, जैविक संस्थान, वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता विकास, कृषि, पशुपालन और सामाजिक उत्थान जैसी कई सेवाएं एक ही स्थान पर प्रदान करता है। उन्होंने केंद्र में सेवा प्रदाता महिलाओं से चर्चा की। एफपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया इसके बाद, डॉ. गंगोपाध्याय ने रुंज महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड के एफपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने दाल प्रोसेसिंग एवं पैकिंग इकाई का अवलोकन करते हुए दाल के विक्रय और जैविक उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त की। समूह की महिलाओं ने आजीविका गतिविधियों के संबंध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। प्रभारी अधिकारी ने लखपति दीदियों से संवाद किया और उनकी कठिनाइयों के साथ-साथ आगामी कार्ययोजना के बारे में पूछा। उन्होंने दीदियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग नेटवर्क को सुदृढ़ करने की सलाह दी। समूह की महिलाओं ने बैंक ऋण की सहायता से संचालित रोजगारपरक गतिविधियों और आर्थिक सशक्तिकरण के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने हस्तनिर्मित उत्पादों के बारे में भी बताया। समूह से जुड़कर गीता कुशवाहा बनीं लखपति दीदी हनुमतपुर निवासी लखपति दीदी गीता कुशवाहा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पिछले 10 वर्षों से समूह से जुड़कर उनके परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति में सुधार आया है। उन्होंने बकरी पालन से आजीविका शुरू की, प्रशिक्षण प्राप्त कर कृषि सखी के रूप में कार्य किया और समूह की मदद से अपने पति का टेंट हाउस व्यवसाय भी शुरू करवाया। उन्होंने महिला अधिकार केंद्र के सफल संचालन की जानकारी भी दी। प्रतापपुर के गुलाब स्वसहायता समूह से जुड़ी एक अन्य दीदी ने भी अपने अनुभव बताए। उप सचिव डॉ. गंगोपाध्याय ने महिलाओं को उनकी सफल आजीविका गतिविधियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वसहायता समूहों को सीसीएल की द्वितीय लिंक के तहत 45 लाख रुपये की राशि के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। एनआरसी में उपचाररत बच्चों की माताओं से किया संवाद उप सचिव डॉ. गंगोपाध्याय ने अजयगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पोषण पुनर्वास केन्द्र अजयगढ़ का निरीक्षण भी किया। इस दौरान स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टरों के स्वीकृत और रिक्त पदों की जानकारी लेकर विभिन्न कक्षों और वार्डों का भ्रमण कर स्टाफ से आवश्यक जानकारी ली। मरीज के परिजनों से भी चर्चा कर सुविधाओं व सेवाओं के बारे में पूछा। पोषण पुनर्वास केन्द्र में उपचाररत कुपोषित बच्चों की माताओं से संवाद कर यहां मिलने वाली सुविधाओं और फॉलोअप आहार सहित बच्चों के सेहत की जानकारी ली। अजयगढ़ के मृदा परीक्षण लैब की गतिविधियों का जायजा भी लिया और गांव-गांव तक किसानों को मिलने वाली सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। शहरी आंगनबाड़ी केन्द्र में समक्ष में कराया बच्ची का वजन उप सचिव ने नगर परिषद अजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 3 स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण कर बच्चों की नियमित उपस्थिति की जानकारी ली। बच्चों से संवाद कर केंद्र की सेवाओं व भोजन व्यवस्था के बारे में पूछा। बालिका भूमिका रैकवार का समक्ष में वजन कराया। इस दौरान गर्भवती और धात्री माताओं से केन्द्र की सेवा संबंधी जानकारी प्राप्त कर व्यवस्था में निरंतर सुधार लाने व अन्य सुधारात्मक प्रयास के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को हितग्राहियों से सतत संपर्क के जरिए अपेक्षित सुधार के लिए निर्देशित किया गया। जल जीवन मिशन परियोजना की ली जानकारी उप सचिव ने निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कुंवरपुर पहुंचकर जल जीवन मिशन परियोजना अंतर्गत निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र भी देखा और मझगांय समूह जल प्रदाय योजना की जानकारी ली। ग्राम पंचायत कुंवरपुर के नवीन अटल सुशासन भवन पहुंचकर उप सचिव द्वारा सर्वसुविधायुक्त भवन निर्माण की सराहना की गई। उन्होंने सरपंच एवं सचिव कक्ष सहित अतिथि व कंप्यूटर कक्ष एवं रिकॉर्ड रूम देखा और विभिन्न पंजियों का अवलोकन कर निरीक्षण टीप भी अंकित की। टॉफी एवं खिलौना किट का किया वितरण आकांक्षी ब्लॉक अजयगढ़ की प्रभारी अधिकारी ने शुरुआत में आंगनबाड़ी केन्द्र आरामगंज में बच्चों से भेंट कर संवाद किया और पंजीकृत बच्चों सहित गर्भवती एवं धात्री माताओं और किशोरी बालिकाओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को प्रत्येक बच्चों की जानकारी के संबंध में अद्यतन रहने के निर्देश भी दिए। बच्चों को टॉफी और आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के उपयोग के लिए खिलौना किट का वितरण किया गया। उन्होंने नियमित रूप से केन्द्र में आयोजित गतिविधियों की जानकारी भी ली। आरामगंज के शासकीय प्राथमिक शाला में दर्ज बच्चों के पठन पाठन और अन्य पाठ्येत्तर गतिविधियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। आरामगंज के अटल ग्राम सुशासन भवन के निरीक्षण के दौरान उप सचिव को पेंशन व आयुष्मान योजना की अद्यतन प्रगति के संबंध में अवगत कराया गया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना कर ग्राम पंचायत द्वारा संधारित 13 पंजियों को निरंतर अद्यतन करने व आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत बनाने की दिशा में कार्य करने के महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर आरामगंज के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणजनों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच संबंधी जानकारी ली गई। उन्होंने बरियारपुर डैम का भ्रमण कर केन नहर प्रणाली की जानकारी भी प्राप्त की।


