विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सिंगरौली में जी-रामजी (मनरेगा) के तहत फर्जीवाड़े को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर आरोप लगाया कि AI जनरेटेड फर्जी मजदूरों की तस्वीरें अपलोड कर भुगतान किया जा रहा है और इसमें कमीशन की मांग भी हो रही है। सिंघार ने कहा कि सिंगरौली में 120 से अधिक फर्जी AI तस्वीरों के जरिए सरकारी धन की लूट हो रही है, लेकिन अब तक जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जी-रामजी को मजदूरों के सम्मान का माध्यम बनाया जाना चाहिए, न कि लूट का साधन। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले का संज्ञान लेकर उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि भाजपा केवल नाम बदलने की राजनीति कर रही है, जबकि धरातल पर योजनाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है और गरीब मजदूरों का हक मारा जा रहा है। चंदेरी घटना पर भी साधा निशाना
एक अन्य ट्वीट में सिंघार ने अशोकनगर जिले के चंदेरी में भाजपा नेता और सरपंच द्वारा एक युवक की कथित पिटाई का वीडियो साझा करते हुए इसे कानून व्यवस्था पर सवाल बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता से जुड़े लोगों द्वारा कानून हाथ में लेना प्रशासन की विफलता और गुंडाराज का प्रमाण है। सिंघार ने सवाल उठाया कि जब सत्ता से जुड़े लोग ही कानून हाथ में लें, तो आम नागरिक कैसे सुरक्षित रहेगा। उन्होंने इस घटना को सत्ता के दुरुपयोग का उदाहरण बताते हुए सरकार से कार्रवाई की मांग की है।


