उमरिया जिले के चंदिया स्थित मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के ओपन कैप में बिन मौसम बारिश से लगभग 30 ट्रकों में लदी धान भीग गई है। ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के कारण ये ट्रक खुले में खड़े थे। जानकारी के अनुसार, धान परिवहन को लेकर ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल मंगलवार से जारी है। इसके चलते 50 से अधिक ट्रक ओपन कैप में अनलोडिंग के इंतजार में खड़े थे। बुधवार सुबह अचानक मौसम बदलने से स्थिति बिगड़ गई। बुधवार सुबह पहले हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद करीब एक घंटे तक रिमझिम और फिर तेज बारिश दर्ज की गई। इससे बिना पन्नी ढके खड़े ट्रकों में लदी धान पूरी तरह भीग गई। जिले में बीते कुछ दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में बूंदाबांदी के साथ बारिश दर्ज की गई है। मामले में प्रभारी खाद्य अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों को मौसम में बदलाव को देखते हुए धान को सुरक्षित ढककर रखने के निर्देश पहले ही दिए गए थे। उन्होंने कहा कि धान के भीगने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


