उमरिया जिले के करकेली विकासखंड की ग्राम पंचायत बिलासपुर के क्लस्टर मुख्यालय भवन परिसर में ग्रामीणों द्वारा ताश खेलने का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो सोमवार की रात को सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पंचायत परिसर में कुछ ग्रामीण कुर्सियां लगाकर ताश खेल रहे हैं। शासकीय कार्यालय के प्रांगण में इस तरह की गतिविधि सामने आने से परिसर की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले पर ग्राम पंचायत सचिव रामभान सिंह ने अनभिज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि उन्हें ताश खेलने की कोई जानकारी नहीं है और उनके सामने ऐसी कोई गतिविधि नहीं होती है। अधिकारियों से करेंगे शिकायत सचिव रामभान सिंह ने यह भी कहा कि यदि उनके कार्यालय में आने से पहले या ड्यूटी समाप्त होने के बाद कोई ऐसी गतिविधि करता है और यह मामला उनके संज्ञान में आता है, तो वे संबंधित अधिकारियों से इसकी शिकायत करेंगे। वीडियो सामने आने के बाद पंचायत परिसर में अनुशासन और शासकीय संपत्ति के उपयोग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासन की ओर से इस मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।


