हरदा में नए साल के जश्न से पहले पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में देशी शराब और बीयर जब्त की है। सिविल लाइन थाने के एसआई संदीप यादव के अनुसार, सोमवार शाम ग्राम कांकरिया में एक मकान से अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए पते पर दबिश दी। आरोपी भागा, वाहन से शराब बरामद पुलिस को देखकर आरोपी शंकर विश्नोई मौके से फरार हो गया। मकान की तलाशी में शराब नहीं मिली, लेकिन परिसर के पीछे खड़ी बुलेरो वाहन की जांच में देशी शराब और बीयर की कुल 18 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने बुलेरो वाहन सहित शराब जब्त कर ली है। फरार आरोपी शंकर विश्नोई के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। ज्ञापन के बाद हुई कार्रवाई गौरतलब है कि इसी दिन आदिवासी संगठनों ने ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब बिक्री का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। इसके कुछ ही घंटों बाद यह कार्रवाई सामने आई। नए साल को लेकर पुलिस अलर्ट पुलिस का कहना है कि नए साल के दौरान अवैध शराब बिक्री रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


