उमरिया में कीड़े लगे गेहूं से बन रहा था आटा:खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई; गलत लेबलिंग भी पकड़ाई

उमरिया के कोयलारी क्षेत्र में स्थित सुझाता अग्रवाल फर्म पर सोमवार को रीवा-शहडोल संभागीय उड़नदस्ता टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की। टीम को यहां कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद आटा जब्त किया गया, पैकिंग सामग्री सीज की गई और फर्म संचालक को नोटिस जारी कर लाइसेंस निलंबन की सिफारिश की गई है। निरीक्षण में पाया गया कि फर्म में आटा निर्माण और पैकिंग प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। उपयोग किए जा रहे गेहूं की गुणवत्ता खराब पाई गई, जिसमें कीट और वेविल संक्रमण की पुष्टि हुई। मौके से तैयार आटा और कच्चे माल के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। लेबलिंग मानकों का उल्लंघन फर्म में लेबलिंग मानकों का भी गंभीर उल्लंघन पाया गया। पैकिंग पर भ्रामक दावे अंकित थे; जैसे पैकेट पर “Sortex Cleaned Wheat” लिखा था, जबकि परिसर में कोई सॉर्टेक्स मशीनरी मौजूद नहीं थी। इसके अतिरिक्त, 1 किलो के पैक पर छपा लाइसेंस नंबर भी गलत पाया गया, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। इस कार्रवाई के तहत उड़नदस्ता टीम ने 99 पैकेट (प्रत्येक 1 किलो) आटा जब्त किया और लगभग 2500 खाली पैकेजिंग सामग्री सीज की। फर्म संचालक को इन गंभीर अनियमितताओं के आधार पर नोटिस जारी किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *