उमरिया जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। राघोपुर स्थित दयाल क्रेशर के संचालक राजकुमार यादव से सीमेंट सप्लाई के नाम पर 1 लाख 47 हजार 200 रुपये की ठगी की गई। ठगों ने राशि खाते में डलवाने के बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। पीड़ित राजकुमार यादव ने शनिवार को बताया कि उन्हें ईंट निर्माण के लिए सीमेंट की आवश्यकता थी। उन्होंने मोबाइल पर नॉन-ट्रेड सीमेंट विक्रेताओं की जानकारी खोजी। संपर्क होने पर एक व्यक्ति ने दो दिन में 640 बोरी सीमेंट सप्लाई करने का आश्वासन दिया और अग्रिम भुगतान की मांग की। विश्वास में आकर क्रेशर संचालक राजकुमार यादव ने बताई गई राशि आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दी। राशि जमा होते ही आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया, जिससे उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने चंदिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी जे.एस. परस्ते ने शनिवार को बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस साइबर माध्यमों से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


