उमरिया जिले में लगातार घने कोहरे के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। सुबह 10 बजे तक धूप नहीं निकलने से ठंड का असर तेज हो गया है। कोहरे के कारण दृश्यता घटकर मात्र 94 मीटर रह गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह जिले में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह बीते दिनों की तुलना में लगभग 2 डिग्री कम है। जिले में दिन के तापमान में वृद्धि और रात के तापमान में गिरावट जारी है। तापमान के आंकड़ों के मुताबिक, 1 फरवरी को 26.5/12.01 डिग्री सेल्सियस, 2 फरवरी को 27.01/11.8 डिग्री सेल्सियस, 3 फरवरी को 27.2/14.5 डिग्री सेल्सियस और 4 फरवरी को 26.5/13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 5 फरवरी को न्यूनतम तापमान अचानक गिरकर 11.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. धनंजय सिंह ने बताया कि घने कोहरे का अधिकांश फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में हुई बूंदाबांदी से गेहूं की फसल को कुछ हद तक फायदा मिला है, लेकिन चना और सरसों की फसलों को नुकसान होने की आशंका है। किसान पिंटू दुबे ने जानकारी दी कि कोहरे के कारण फसलें प्रभावित हो रही हैं। उनके अनुसार, गेहूं की फसल को नमी मिलने से ज्यादा चिंता नहीं है, लेकिन सरसों और चना की फसल को इस मौसम से भारी दिक्कत हो सकती है। किसान अब मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।


