उमरिया जिले में चल रही 69वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजू वर्मा ने क्रीड़ा परिसर भरौला पहुंचकर भोजन सामग्री की जांच की। इस प्रतियोगिता में 33 राज्यों से 697 खिलाड़ी और कोच उमरिया पहुंचे हैं। इनके ठहरने के साथ-साथ नाश्ते, दोपहर और रात के भोजन की व्यवस्था क्रीड़ा परिसर में की गई है। अधिकारियों द्वारा भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजू वर्मा ने बुधवार को बताया कि उन्होंने लगातार क्रीड़ा परिसर पहुंचकर भोजन सामग्री की जांच की है। जांच के दौरान नमक, तेल, सूजी और मूंगफली की गुणवत्ता में कमी पाई गई थी, जिसे तत्काल बदलवा दिया गया। वर्तमान में सभी सामग्री मानकों के अनुरूप पाई गई हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि प्रतियोगिता के दौरान भोजन सामग्री की गुणवत्ता पर प्रतिदिन निगरानी रखी जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी प्रतिभागियों को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सके।


