कोटपूतली के सरूण्ड थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पत्थर खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध पत्थरों से भरा हुआ पकड़ा और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। जयपुर रेंज आईजी द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत, एसपी देवेन्द्र कुमार बिश्नोई के मार्गदर्शन में एएसपी नाजिम अली के सुपरविजन और डीएसपी राजेन्द्र कुमार बुरडक के निर्देशन में थानाधिकारी यशपाल सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने फिक्स पिकेट पॉइंट पर नाकाबंदी के दौरान वाहनों की जांच की। इस दौरान, एक लाल रंग का महिंद्रा डीआई ट्रैक्टर (बिना नंबर) पत्थरों से भरी ट्रॉली के साथ आता दिखा। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजय (26) पुत्र कैलाश चंद गुर्जर, निवासी रसनाली, बासदयाल बताया। चालक के पास करीब 9 टन पत्थर ले जाने संबंधी कोई रवन्ना या रसीद पर्ची नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पत्थरों सहित जब्त कर लिया और चालक विजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के पत्थर परिवहन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है।


