रामानुजनगर| तहसीलदार एमएस राठिया और हल्का पटवारी राजकिशोर प्रसाद को निरीक्षण में धान उपार्जन केंद्र उमापुर में अनियमितता मिली। निरीक्षण के दौरान किसान मोहन सिंह, पिता जलसाय, निवासी मकरंदीपुर के नाम से कटा टोकन प्रस्तुत किया गया। टोकन के आधार पर किसान द्वारा लाए गए धान की जांच की गई। जांच में पाया कि धान जिन बारदानों में भरकर लाया गया था, उन पर विभिन्न समितियों के पुराने स्टैकिंग सील लगे हुए थे। इनमें धान खरीदी केंद्र कृष्णपुर, सरगवां, पटना (जिला कोरिया), रजौली, मरवाही (जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाह ी), तरगंवा (जिला कोरिया) सहित अन्य समितियों के नाम अंकित थे। प्रथम दृष्टया यह धान मिल से लाया गया प्रतीत होने पर कुल 220 बोरी धान को अमानक मानते हुए जब्त कर समिति के सुपुर्द कर दिया। साथ ही समिति प्रबंधक को संबंधित किसान का रकबा समर्पण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान किसान मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है। प्रशासन ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच प्रारंभ कर दी है। तहसीलदार एमएस राठिया ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


